सड़क किनारे बैठे चार लोगों को कार ने कुचला, एक की मौत, तीन घायल, ग्रामीणों ने चालक को बनाया बंधक…सड़क जामकर किया हंगामा

 

गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह जिले में सड़क किनारे बैठे चार ग्रामीणों को एक कार ने कुचल डाला। हादसे में एक की मौत हो गई।जबकि तीन घायल हो गए। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने वाहन चालक को बंधक बना लिया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने सड़क को जाम कर हंगामा शुरू कर दिया। इस घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस को भारी फजीहत का सामान करना पड़ा। यह पूरी घटना गावां-सतगावां मुख्य सड़क पर जोड़ासिमर के पास की है।

बताया जाता है कि शनिवार को जोड़ासिमर में कुछ गांव वाले सड़क के किनारे बैठे थे।इसी बीच सड़क से गुजर रही कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बैठे चार लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में 50 वर्षीय सरयू सिंह की मौत हो गई है, जबकि 28 वर्षीय श्रीकांत सिंह, 35 वर्षीय निरंजन सिंह और 60 वर्षीय भीम राजवंशी घायल हो गए हैं।

प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार कार तेज रफ्तार में थी। रफ्तार के कारण चालक का संतुलन बिगड़ गया। रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि धक्का लगते ही दो लोग उसी कार में फंस गए। वहीं कार कई मीटर दूर जाकर पेड़ से टकरा कर रुकी, तभी दोनों को निकाला जा सका। हादसा होते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।लोगों ने पहले घायलों को निकाला फिर चालक को बाहर निकाला गया। चालक को बंधक बनाकर एक कमरे में रख दिया गया।जबकि सड़क को भी जाम कर दिया।

इस बीच गावां थाना प्रभारी जेपी सिंह मौके पर पहुंचे पुलिस को देख लोग और आक्रोशित हो गए और पुलिस की वाहन पर ही पथराव कर दिया। लोगों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस को खुद के बचाव में पसीना बहाना पड़ा। इधर पसनौर मुखिया अजय साव समेत अन्य लोग पहुंचे। किसी तरह लोगों के गुस्से को शांत करवाया। हालांकि लोगों का कहना है कि सूचना के बाद भी पुलिस यहां विलंब से पहुंची। यही कारण है कि कुछ लोग भड़क गए। हालात को देखते हुए तिसरी थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई इनके अलावा कई प्रतिनिधि भी पहुंचे और स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया।

error: Content is protected !!