एनआईए को चाहिए सात नक्सलियों की कुंडली, लिस्ट में सबसे ज्यादा महिला नक्सली शामिल…

 

राँची। राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी एनआईए ने झारखण्ड पुलिस की स्पेशल ब्रांच से सात नक्सलियों के बारे में हर तरह की जानकारी मांगी है।जिन सात नक्सलियों के बारे में एनआईए ने स्पेशल ब्रांच से रिपोर्ट मांगी है, उनमें महिला नक्सली और एक करोड़ का एक इनामी नक्सली भी शामिल है।

एनआईए ने झारखण्ड पुलिस के स्पेशल ब्रांच को पत्र लिखकर सात नक्सलियों के बारे में हर तरह की जानकारी मांगी है। जिन सात नक्सलियों के बारे में कुछ जानकारी मांगी गई है, उनमें से चार महिला नक्सली हैं, जबकि एक, एक करोड़ का इनामी है। एनआईए के पत्र के अनुसार, जिन सात नक्सलियों की पूरी जानकारी स्पेशल ब्रांच से मांगी गई है, उनमें रीता उर्फ मानस, रजनी, सुनीता, विनीता, एक करोड़ का इनामी अनमोल दा, सोहन पुनेम और संदीप उर्फ हिड़मा के नाम शामिल हैं।

एनआईए को यह सूचना मिली है कि चारों महिला नक्सली सुनीता, विनीता, रीता और रजनी एक करोड़ के इनामी नक्सली और पोलित ब्यूरो सदस्य मिसिर बेसरा के दस्ते के साथ रहती है, ये फिलहाल सारंडा में एक्टिव है।वहीं सोहन और संदीप बीजापुर जिले के रहने वाले हैं।एनआईए द्वारा इनके वर्तमान की गतिविधियों की पूरी रिपोर्ट मांगी गई है।

एनआईए ने चारों महिला नक्सलियों सहित सभी सात के खिलाफ झारखण्ड में किन किन थानो में कितने मामले दर्ज हैं, इसकी जानकारी भी मांगी है। जानकार बताते हैं कि एनआईए फरार चल रहे वांटेड नक्सलियों का डोजियर तैयार करती है। इसी वजह से प्रमुख नक्सलियों की पूरी जानकारी उनके द्वारा जुटाई जा रही है।

error: Content is protected !!