चतरा में चर्चित पशु चिकित्सक की हत्या,इलाके में सनसनी…जांच में जुटी है पुलिस..
चतरा।झारखण्ड के चतरा जिले में सदर प्रखंड के गंधारिया गांव निवासी पशु चिकित्सक योगेंद्र यादव की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शनिवार सुबह उनका शव तपेज स्थित तुड़ाग गांव के समीप मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ संदीप सुमन एवं थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं। परिजनों के अनुसार, योगेंद्र यादव शुक्रवार की शाम घर में सब्जी पहुंचाने के बाद ऊंटा गांव की ओर जाने की बात कहकर निकले थे।देर रात तक उनके घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो गए और खोजबीन शुरू की। इसी बीच शनिवार सुबह तुड़ाग गांव के पास एक शव मिलने की सूचना मिली, जिसकी पहचान योगेंद्र यादव के रूप में हुई।
बताया जाता है कि मृतक पशुपालन विभाग में कार्यरत थे और क्षेत्र में एक कुशल मवेशी डॉक्टर के रूप में उनकी पहचान थी। उनकी हत्या की खबर से ग्रामीणों में आक्रोश व भय का माहौल है।
परिजनों ने अज्ञात लोगों द्वारा हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है तथा मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।वहीं घटना स्थल पर काफी भीड़ जुटी है।

