हजारीबाग:रामनवमी जुलूस में प्रिंस की चाकू मारकर हत्या करने वाला गिरफ्तार, घटना के बाद से था फरार
हज़ारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग में रामनवमी दशमी जुलूस के दौरान हुए सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 29 मार्च को अशोक चौक के पास जुलूस के दौरान युवक प्रिंस कुमार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी।घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था और पुलिस पर जल्द कार्रवाई का दबाव बढ़ गया था।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की।फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कटकम दाग थाना क्षेत्र के बलियंत गांव निवासी करण भुइयां के रूप में हुई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रैक करनी शुरू की।
हत्या के बाद आरोपी करण भुइयां फरार हो गया था और पुलिस से बचने के लिए पद्मा जंगल में जाकर छिप गया था। बताया जा रहा है कि वह जुलूस से सीधे अपने घर नहीं गया था, बल्कि लगातार लोकेशन बदलकर खुद को बचाने की कोशिश कर रहा था।पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया।
सदर पुलिस ने कड़ी मेहनत और लगातार सर्च अभियान के बाद आरोपी को जंगल से गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी के दौरान पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।फिलहाल, आरोपी से पूछताछ जारी है और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
घटना के बाद हजारीबाग में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है।पुलिस प्रशासन किसी भी तरह की अफवाह या तनाव की स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट मोड में है।अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

