नशेड़ी ने कुएं में लगाई छलांग,हुई मौत,स्थानीय लोगों की सहायता से पुलिस ने बाहर निकाला…
बोकारो।झारखण्ड के बोकारो जिले के चंद्रपुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। स्टेशन रोड स्थित भीड़भाड़ वाले बोल बम भंडार के पास एक युवक ने दिनदहाड़े कुएं में छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक नशे की हालत में वहां पहुंचा था। उसने बिना किसी से कुछ कहे अचानक कुएं में छलांग लगा दी। बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने उसे रोकने और बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन युवक ने उसकी बात नहीं मानी और जबरदस्ती कुएं में कूद गया।यह पूरी घटना कुछ ही पलों में घटित हो गई।
मृतक की पहचान प्रेम नगर, चंद्रपुरा निवासी शंकर रविदास के 23 वर्षीय पुत्र विकास रविदास के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, विकास कचरा चुनने का काम करता था और अक्सर घर से बाहर ही रहता था।घटना के दिन वह दोपहर में घर आया और थोड़ी देर बाद ही वापस निकल गया। बताया गया कि वह अपने पांच भाइयों में सबसे बड़ा था।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत चंद्रपुरा पुलिस को खबर दी।सूचना पाकर थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से युवक को कुएं से बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे तुरंत डीवीसी अस्पताल चंद्रपुरा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि युवक नशे का आदी था और उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं रहती थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।

