Ranchi:पतरातू घूमने जा रहे थे तीन दोस्त, सड़क हादसे में एक की मौत
राँची।जिले पिठोरिया थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सेमरबेड़ा स्थित टीओपी के पास हुई इस दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।बताया जा रहा है कि युवक अपने दो दोस्तों के साथ पतरातू घूमने के लिए निकला था, लेकिन यह सफर उसके लिए अंतिम साबित हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक युवक अपनी बाइक (जेएच 0एफयू- 6236) से जा रहा था। जैसे ही वह सेमरबेड़ा टीओपी के पास पहुंचा, उसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रेलर (एनएच 01एएच 3355) ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।हादसे की भयावहता को देखकर आसपास मौजूद लोग दंग रह गए।
बताया जा रहा है कि तीनों दोस्त अलग-अलग बाइक से पतरातू घूमने के लिए निकले थे। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक हादसे का शिकार हो गया। मृतक की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है।हालांकि, उसकी पहचान की प्रक्रिया जारी है और परिजनों को सूचना देने की कोशिश की जा रही है।
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। लोगों ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि युवक को संभलने का कोई मौका नहीं मिला। इस घटना से इलाके में शोक और भय का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पिठोरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को अपने नियंत्रण में लिया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राँची स्थित रिम्स भेज दिया है।वहीं, दुर्घटना में शामिल ट्रेलर को जब्त कर लिया गया है।

