घर के पास ही दिनदहाड़े महिला के गले से सोने की चेन झपटकर भागे लुटेरे…
रामगढ़। झारखण्ड के रामगढ़ जिला स्थित पतरातू के पीटीपीएस न्यू मार्केट क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े हुई चेन स्नैचिंग की घटना हुई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह की वारदात से स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गयी है।
मिली जानकारी के अनुसार महावीर अग्रवाल के घर के पास उनकी पत्नी अनीता देवी के साथ यह घटना घटी। शाम करीब 4 बजे दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और तेज रफ्तार में मौके से फरार हो गये। घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आरोपी वहां से निकल चुके थे।
यह घटना आस-पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि दोनों बदमाश मोटरसाइकिल पर सवार होकर वारदात को अंजाम देने के बाद भागते नजर आ रहे हैं। पुलिस अब इसी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है
घटना की सूचना स्थानीय मुखिया किशोर कुमार महतो ने तुरंत थाना को दी।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
इस घटना के बाद इलाके के लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

