लातेहार पुलिस ढोल नगाड़ों के साथ पहुँची फरार राहुल सिंह समेत तीन अपराधियों के घर,चिपकाया इश्तेहार,पुलिस ने दी कुर्की की चेतावनी…

 

लातेहार।झारखण्ड के लातेहार पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। न्यायालय के आदेश और एसपी कुमार गौरव के कड़े दिशा-निर्देशों के बाद,पुलिस ने सोमवार को विभिन्न आपराधिक मामलों में फरार चल रहे तीन अभियुक्तों के घर पर ढोल-नगाड़ों के साथ इश्तेहार चस्पा किया।लातेहार पुलिस की टीम जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में पहुंचकर फरार चल रहे राहुल सिंह, मनोहर सिंह और तेजलाल सिंह के घर पहुँचे।कार्रवाई के दौरान चंदवा पुलिस की टीम ने संबंधित गांवों में मुनादी भी कराई।

स्थानीय ग्रामीणों की उपस्थिति में ढोल बजाकर यह घोषणा की गई कि ये अभियुक्त पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं और कानून की नजर में भगोड़े हैं।पुलिस ने इस कार्रवाई के माध्यम से जनता को भी संदेश दिया है कि अपराधियों को शरण देना अपराध की श्रेणी में आता है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर की गई है।यदि ये तीनों अपराधी एक निश्चित समय सीमा के भीतर न्यायालय या पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो पुलिस इनके खिलाफ धारा 83 के तहत कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया शुरू करेगी।

error: Content is protected !!