चाईबासा:चक्रधरपुर में पटरी से उतरी मालगाड़ी, कई घंटे तक ट्रेनों का परिचालन ठप
चाईबासा।झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर रेल मंडल के मुर्गामहादेव रोड स्टेशन में सोमवार को दोपहर 12 बजे कोयले से लदी मालगाड़ी के दो डिब्बे बेपटरी हो गए।जिसकी वजह से देवझर-बांसपानी रेलखंड में अप और डाउन दोनों लाइनें चार घंटे से अधिक बाधित हो गई।इस रेलखंड में रेल यातायात पूरी तरह ठप हो गयी। हादसे के बाद घटना स्थल के लिये चक्रधरपुर से 140 क्रेन और डांगुवापोसी से एक्सीडेंट रीलिफ ट्रेन को भेजा गया।क्रेन और एआरटी के घटना स्थल पर जाने के बाद युद्धस्तर पर कार्य शुरू किया गया। रेलवे की ओर से बताया गया कि मालगाड़ी में कोयला लदा है।लोडिंग मालगाड़ी की वजह से बेपटरी डिब्बों को पटरी में लाने में दिक्कतें हो रही है।
इस हादसे से चक्रधरपुर रेल मंडल के अधिकारियों में हड़कंप मच गया है।क्योंकि दक्षिण पूर्व रेलवे पूरी ताकत से माल ढुलाई कर रही है।एक बड़ा लक्ष्य रखा गया है।इस लक्ष्य को हासिल करने के लिये दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक चक्रधरपुर रेल मंडल के दौरे पर हैं। ऐसे हादसे से दक्षिण पूर्व रेलवे को लोडिंग लक्ष्य हासिल करने में परेशानी हो सकती है।
मुर्गामहादेव रोड में मालगाड़ी बेपटरी होने से बांसपानी रेलखंड में अप और डाउन दोनों लाइन जाम हो गई है। जिससे ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया है। हादसे के बाद मालगाड़ियां भी सेक्शन में थम गई है। खुर्दारोड-टाटा जा रही वंदे भारत ट्रेन बांसपानी में रुक गई है। विशाखापटनम एक्सप्रेस टाटानगर में खड़ी है।इसके अलावे पुरी-बड़बिल इंटरसीटी ट्रेन भी बीच सेक्शन में फंसी है। मुर्गामहादेव रोड स्टेशन देवझर-बांसपानी के बीच स्थित है।यह चक्रधरपुर रेल मंडल का सर्वाधिक व्यवस्तम रेल मार्ग है। इस रेलखंड में सर्वाधिक मालगाड़ियां चलती हैं।

