गढ़वा पुलिस ने करीब एक महीने बाद नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के बाद हत्या मामले का किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

 

गढ़वा।झारखण्ड के गढ़वा जिले के रमकंडा थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के बाद हत्या मामले का गढ़वा पुलिस ने करीब एक माह के बाद खुलासा कर दिया है।इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने रमकंडा थाना क्षेत्र के गोबरदाहा गांव निवासी आरोपी धर्मेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। रंका एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह ने रविवार को इसकी पुष्टि की।

एसडीपीओ ने बताया कि घटना के दिन नाबालिग लड़की एक शादी समारोह में शामिल हुई थी। इस दौरान वह शौच के लिए बाहर निकली थी। आरोपी की बहुत दिनों से लड़की पर गलत नजर थी।लड़की को शादी समारोह से बाहर निकलता देख आरोपी ने उसका पीछा करना शुरू किया। खतरा भांप कर लड़की दौड़कर भागने लगी।इस क्रम में लड़की गिर गई।इसके बाद आरोपी उसे उठाकर अरहर की खेत में ले गया, जहां उसने लड़की के साथ पहले दुष्कर्म किया और बाद में उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।

घटना के तीसरे दिन पुलिस ने अरहर के खेत से शव बरामद किया था। पुलिस के अनुसार इस कांड का खुलासा करना काफी चुनौतीपूर्ण था। सैकड़ों लोगों से पूछताछ और 200 लोगों के कॉल रिकॉर्ड खंगालने के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंच सकी। घटनास्थल से मिले चप्पल के आधार पर आरोपी की पहचान हुई।

पुलिस ने बताया कि आरोपी अपने जीजा के घर कसमार में रहता हैं।पुलिस ने साक्ष्यों और गहन जांच के आधार पर इस जघन्य अपराध का पर्दाफाश किया।आरोपी ने भी पूछताछ में घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।

error: Content is protected !!