Ranchi:सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 43 लाख की ठगी…सरकार के लेटरहेड पर उप सचिव के फर्जी हस्ताक्षर से ज्वाइनिंग लेटर देकर युवकों को बनाया शिकार..

 

राँची।राजधानी राँची  में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। झारखण्ड सचिवालय में नौकरी लगवाने का झांसा देकर युवकों से करीब 43 लाख रुपए की ठगी कर ली गई।आरोपियों ने न सिर्फ पैसे ऐंठे, बल्कि सरकार के लेटरहेड पर उप सचिव के फर्जी हस्ताक्षर से ज्वाइनिंग लेटर तक जारी कर दिया।चतरा जिले के ग्राम कादे, पोस्ट टटरा, थाना राजपुर निवासी सुनील साह (32), ने राँची जिले  के रातू थाना में 21 मार्च को प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।पीड़ितों ने पुलिस को कई अहम दस्तावेज भी सौंपे हैं, जिनमें फर्जी एडमिट कार्ड की प्रति, फर्जी ज्वाइनिंग लेटर, एकरारनामा, फोनपे और बैंक ट्रांजेक्शन की रसीद और आरोपियों के पहचान दस्तावेज शामिल है। पुलिस को आशंका है कि यह कोई छोटा मामला नहीं, बल्कि सरकारी नौकरी के नाम पर ठगी करने वाला बड़ा नेटवर्क है।अब पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है और पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

पीड़ित सुनील साह के अनुसार, करीब दो वर्ष पहले उनकी मुलाकात गानेश्वर कुमार नायक और उसकी पत्नी रोमा कुमारी से राँची में एक कोचिंग सेंटर के पास हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपियों ने दावा किया कि उनकी पहुंच झारखण्ड सचिवालय तक है और वे पैसे लेकर सीधे सरकारी नौकरी लगवा सकते हैं।इसके बाद दोनों आरोपियों ने लगातार संपर्क में रहकर सुनील और उसके दोस्त रंजीत कुमार यादव को भरोसे में लिया और नौकरी दिलाने का लालच देते रहे।

30 लाख प्रति कैंडिडेट का हुआ था सौदा

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार आरोपियों ने अपने घर बुलाकर बताया कि झारखण्ड कर्मचारी चयन आयोग की भर्ती में प्रशाखा पदाधिकारी पद के लिए बहाली होगी, जिसमें प्रति उम्मीदवार 30 लाख रुपए लगेंगे।आधा पैसा पहले और बाकी चयन के बाद देने की शर्त रखी गई।लालच में आकर दोनों युवकों ने अलग-अलग माध्यमों से किस्तों में पैसे देने शुरू कर दिए।दर्ज प्राथमिकी के अनुसार सुनील साह ने फोनपे के जरिए कई किस्तों में करीब 3 लाख रुपए भेजे।रंजीत यादव ने बैंक खाते में 3 लाख रुपए नेफ्ट से ट्रांसफर किए। बाद में दोनों से एकरारनामा कराकर 14 लाख रुपए नकद वसूले गए। फिर अक्टूबर 2024 में और 9 लाख रुपए लिए गए। इस तरह कुल मिलाकर 29 लाख रुपए पहले ही ऐंठ लिए गए।

फर्जी ज्वाइनिंग लेटर देकर ठगे 14 लाख और…

10 जनवरी 2026 को आरोपियों ने झारखण्ड सरकार के कार्मिक विभाग के लेटरहेड का दुरुपयोग कर फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया और फिर दोनों से 7-7 लाख रुपए (कुल 14 लाख) और ले लिए।जब पीड़ित ज्वाइनिंग के लिए नेपाल हाउस स्थित कार्यालय पहुंचे, तब खुलासा हुआ कि दिया गया ज्वाइनिंग लेटर पूरी तरह फर्जी है।सच्चाई सामने आने के बाद जब पीड़ितों ने आरोपियों से संपर्क करने की कोशिश की, तो उन्होंने फोन उठाना बंद कर दिया।आरोप है कि गानेश्वर नायक, उसकी पत्नी रोमा कुमारी और विकास नायक मिलकर संगठित गिरोह चलाकर ठगी कर रहे थे।पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

error: Content is protected !!