महिला कॉन्स्टेबल की संदिग्ध मौत, बाथरूम में फंदे से लटका मिला शव,जांच में जुटी है पुलिस…

 

पटना।बिहार के सुपौल जिले में शनिवार देर रात एक महिला कॉन्स्टेबल ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली।उनका शव किशनपुर ब्लॉक परिसर स्थित सभा भवन के एक बंद पड़े बाथरूम में फंदे से लटका हुआ मिला।बताया जा रहा है कि उस बाथरूम का नियमित उपयोग नहीं होता था और उसमें चुनाव से संबंधित सामान रखे गए थे।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर एफएसएल टीम पहुंची। कोसी रेंज के डीआईजी कुमार आशीष, एसपी शरथ आरएस सहित जिले के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया गया है।मृतक महिला कॉन्स्टेबल की पहचान आरा जिले के पटखौली गांव निवासी रितु कुमारी के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, रितु कुमारी मुजफ्फरपुर जिला बल में तैनात थीं और इन दिनों सुपौल के भीमनगर में ट्रेनिंग ले रही थीं।हाल ही में उनकी ड्यूटी रामनवमी और ईद जैसे महत्वपूर्ण अवसरों पर भी लगाई गई थी।किशनपुर थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार के अनुसार, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।घटनास्थल से कुछ लिखित नोट्स भी बरामद हुए हैं, जिनकी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

इसके साथ ही रितु कुमारी का मोबाइल फोन भी उनकी जेब से मिला है, जिसे जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, रितु कुमारी पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थीं। फिलहाल, पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और बरामद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!