बिजली बिल अपडेट के नाम पर साइबर वार: लिंक क्लिक करते ही खाते से 97 हजार उड़े

-खुद को बिजली विभाग का अधिकारी बताकर ठगी; व्हाट्सऐप लिंक से मोबाइल हैक, साइबर थाना में केस दर्ज—जांच शुरू

राँची। राजधानी राँची में साइबर ठगों ने इस बार बिजली बिल अपडेट के नाम पर एक बुजुर्ग को निशाना बनाते हुए 97 हजार रुपए की ठगी कर ली। ठगों ने खुद को बिजली विभाग का अधिकारी बताकर पहले भरोसा जीता, फिर व्हाट्सऐप के जरिए भेजे गए लिंक से मोबाइल हैक कर बैंक खाते से रकम उड़ा ली। मामले में साइबर क्राइम थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पीड़ित राजेश कुमार (64 वर्ष), जो मूल रूप से गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले हैं, इन दिनों अपने समधी के घर धुर्वा स्थित एचईसी कॉलोनी में आए हुए थे। उन्होंने साइबर थाना रांची को दिए आवेदन में बताया कि 17 मार्च को उन्हें दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को साउथ बिहार बिजली वितरण निगम लिमिटेड का अधिकारी बताते हुए कहा कि पटना स्थित उनके घर का बिजली मीटर अपडेट करना जरूरी है। अगले दिन 18 मार्च को ठग ने फिर संपर्क किया और अपडेट प्रक्रिया के नाम पर एक लिंक भेजने की बात कही। इसके बाद व्हाट्सऐप नंबर से “इलेक्ट्रिसिटी बिल अपडेट” का लिंक भेजा गया। जैसे ही पीड़ित ने उस लिंक को डाउनलोड किया, उनका मोबाइल फोन हैक हो गया। कुछ ही देर में उनके भारतीय स्टेट बैंक के खाते से तीन अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 97,011 रुपये की अवैध निकासी कर ली गई। जब खाते से पैसे कटने के मैसेज आने लगे, तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने साइबर थाना राँची में प्राथमिकी दर्ज कराई।

error: Content is protected !!