Ranchi: बीबीए की छात्रा ने धुर्वा डैम में कूदकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस
राँची। धुर्वा डैम से गुरुवार की शाम एक युवती का शव बरामद किया गया।युवती सेल सिटी निवासी बीके झा की बेटी निमिषा झा थी, जिसने डैम में कूदकर अपनी जान दे दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। निमिषा लालपुर स्थित बीआईटी मेसरा के एक्सटेंशन से बीबीए की पढ़ाई कर रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर के दो बजे के करीब युवती को डैम के पास अकेले देखा गया था।इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उसने पानी में छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों ने शोर मचाया और पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलने पर नगड़ी थाना की पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद युवती का शव बरामद किया गया। पुलिस ने परिजनों को युवती की मौत की सूचना दी। परिजन डैम पहुंचे।उनका रो-रोकर बुरा हाल था।फिलहाल युवती के आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है।नगड़ी थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के बारे में परिजनों ने अब तक कोई लिखित आवेदन नहीं दिया है।

