तेज रफ्तार का कहर: पेड़ से टकराकर चकनाचूर हुई कार, UCIL के 4 कर्मचारी गंभीर रूप से घायल
जमशेदपुर।झारखण्ड के पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक सड़क हादसे में यूसीआईएल के चार कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गये।अनियंत्रित कार की पेड़ में टक्कर होने से ये दुर्घटना हुई। घटना जादूगोड़ा-सुंदरनगर मुख्य मार्ग पर भाटीन माइंस के समीप हुई।
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब चार बजे एक कार में सवार होकर यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसीआईएल) में कार्यरत चार लोग जमशेदपुर की ओर जा रहे थे।इसी दौरान कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गयी।टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी और उसमें सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गये।
घटना की सूचना मिलते ही जादूगोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए यूसीआईएल जादूगोड़ा अस्पताल ले जाया गया।डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पेड़ से टकराने के बाद कार घूमकर वापस जादूगोड़ा की दिशा में मुड़ गयी। ग्रामीणों ने इस हादसे के लिए कार चालक की लापरवाही को जिम्मेदार बताया है।बताया जा रहा है कि घायल सभी कर्मचारी यूसीआईएल की नरवा कॉलोनी में रहते हैं। फिलहाल घायलों के नामों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पायी है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

