विवाह में भोज खाने जा रहे दो दोस्तों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत…पेड़ से टकराई बाइक

 

साहिबगंज। झारखण्ड के साहिबगंज जिले में देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई।दोनों युवक एक विवाह समारोह में भोज खाने जा रहे थे, तभी उनकी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पेड़ से टकरा गई।इस हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम का माहौल है और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।जानकारी के अनुसार यह घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शोभनपुर डेरा के पास सोमवार देर रात करीब 12:30 बजे हुई। बताया जा रहा है कि दोनों युवक तेज गति से बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे सड़क किनारे खड़े पीपल के पेड़ से जा टकराई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पेड़ से टकराने के बाद दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। देर रात हुए इस हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे।उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।स्थानीय लोगों ने घायल युवकों को देखने की कोशिश की, लेकिन उनकी हालत बेहद गंभीर थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की रात्रि गश्ती टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घायलों को तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल साहिबगंज पहुंचाया।हालांकि, अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान सनोज कुमार यादव (लगभग 20 वर्ष), पिता कुंवर यादव, निवासी तालबन्ना तथा बादल यादव (लगभग 22 वर्ष), पिता देवानंद यादव, निवासी शोभनपुर भट्ठा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक आपस में अच्छे दोस्त थे और पास के ही एक विवाह समारोह में भोज खाने के लिए जा रहे थे। लेकिन रास्ते में ही यह दर्दनाक हादसा हो गया, जिसने दोनों परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया।

मिली जानकारी के अनुसार मृत युवक बादल के आक्रोशित परिजनों और लोगों ने एनएच-80 को जाम कर दिया है।हालांकि मामले की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी अनिश कुमार पांडेय ने जाम स्थल पर लोगों को समझा बुझा कर शांत करवा दिया।जिसके बाद एनएच-80 पर वाहनों का परिचालन प्रारंभ हो सका. वहीं दोनों युवक के परिजनों का रो रो कर बुरा है।

मुफस्सिल थाना पुलिस ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना मिलते ही रात्रि गश्ती पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची घायल अवस्था में सड़क पर पड़े दोनों युवकों को तत्काल सदर अस्पताल साहिबगंज लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।आज दोनों शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।

error: Content is protected !!