Ranchi:एसएसपी राकेश रंजन ने शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए यातायात एसपी और अन्य पुलिस पदाधिकारी के साथ की महत्वपूर्ण बैठक..दिए कड़े निर्देश
राँची।राजधानी राँची में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए शुक्रवार को एसएसपी राकेश रंजन की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में ग्रामीण एसपी, ट्रैफिक एसपी, ट्रैफिक डीएसपी और सम्बंधित थानेदार मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान एसएसपी ने शहर के प्रमुख चौराहों और ब्लैक स्पॉट्स (जहाँ अधिक जाम लगता है) की समीक्षा की।उन्होंने स्पष्ट किया कि सुगम यातायात केवल व्यवस्था नहीं, बल्कि जनता की सुरक्षा से जुड़ा विषय है।बैठक के दौरान एसएसपी ने सड़कों के किनारे अवैध पार्किंग और फुटपाथों पर बढ़ते अतिक्रमण को तुरंत हटाने का निर्देश दिया गया।
एसएसपी ने कहा कि नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर सख्ती से जुर्माना लगाया जाए।स्कूल और दफ्तरों के समय में सभी प्रमुख मोड़ों पर यातायात पुलिसकर्मियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है।शहर की मुख्य सड़कों पर ई-रिक्शा और ऑटो के बेतरतीब ठहराव को नियंत्रित करने के लिए रूट चार्ट और ठहराव स्थल का कड़ाई से पालन कराने का आदेश दिया गया। इसके अलावा स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत लगे कैमरों और ट्रैफिक सिग्नल सिस्टम का बेहतर उपयोग करने पर जोर दिया गया ताकि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ तुरंत ऑनलाइन चालान काटा जा सके।
एसएसपी ने बैठक के अंत में कहा कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस के साथ-साथ आम नागरिकों का सहयोग अनिवार्य है।उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे आम लोगों के साथ समन्वय बनाकर काम करें और ट्रैफिक अवेयरनेस अभियानों में तेजी लाएं।

