प्रेमिका से शादी के लिए पत्नी को मार डाला,गड्ढे में गाड़ दिया शव….परिजनों का बड़ा आरोप

राँची।झारखण्ड के पलामू में दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां के नावा बाजार थाने के तुकबेरा गांव के डरौना टोले में गुरुवार को एक गड्ढे से रणजीत मेहता की पत्नी प्रियंका कुमारी का शव निकाला गया।मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि प्रेमिका से शादी करने के लिए पति ने ही हत्या कर शव को गड्ढे में दफना दिया।परिजनों के अनुसार, पांडू दरुआ तिसीबार निवासी द्वारिका मेहता की पुत्री प्रियंका की शादी 2019 में विश्रामपुर के भूखला गांव निवासी रणजीत मेहता से हुई थी। उससे पहले से रणजीत का प्रेम प्रसंग तुकबेरा की एक महिला से चल रहा था, इसलिए वह अक्सर प्रियंका से मारपीट करता था। इधर, दो दिन पहले परिजनों को सूचना मिली कि प्रियंका की हत्या कर शव को गड्ढे में दफना दिया गया है।इस मामले की जानकारी देते हुए नावा बाजार के थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि मृतका के परिजनों ने विश्रामपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। खोजबीन में गुरुवार को शव गड्ढे से बरामद हुआ। शव दफनाने के लिए जिस जेसीबी से गड्ढा खुदवाया गया था, उसके मालिक ने बताया कि पानी निकालने की बात कह गड्ढा खुदवाया गया था।

मामले की जानकारी मिलने के बाद नावा बाजार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले में छानबीन शुरू की। बाद में दंडाधिकारी के मौजूदगी में पुलिस ने प्रियंका कुमारी के दफन हुए शव को बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।घटना के बाद से रंजीत मेहता एवं उसकी प्रेमिका दोनों फरार हैं।

इधर थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के बाद रंजीत मेहता एवं उसकी प्रेमिका फरार है, पुलिस पूरे मामले में छानबीन कर रही है। प्रेमिका ने जेसीबी मालिक को डोभा बनाने के नाम पर गड्ढा खुदवाया था बाद में उसने जेसीबी मलिक को कहा कि डोभा दूसरी जगह खुदवाना है, यह बोलकर उसने गड्ढे को भरवाया था।

 

error: Content is protected !!