Ranchi: तमाड़ में मिली सिरकटी लाश की हुई पहचान,एफएसएल की टीम ने जुटाए साक्ष्य,डीएसपी ने कहा-जल्द होगी गिरफ्तारी
राँची।जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र के भुरसूडीह गांव के जंगल से युवक की सिरकटी लाश मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।परिजनों ने जमीन विवाद में हत्या की आशंका जताई है। वहीं एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से कई साक्ष्य जमा किए हैं। मृतक की पहचान 26 वर्षीय सुरेश स्वांसी के रूप में हुई है।घटनास्थल से उसका मोबाइल भी बरामद हो चुका है।बुंडू डीएसपी ने दावा किया है कि बहुत जल्द अपराधियों को धर दबोचा जाएगा।
बता दें 12 सितंबर को अहले सुबह 26 वर्षीय सुरेश स्वांसी अपने दोस्त के साथ भुरसूडीह के जंगल में जंगली मशरूम खोजने गया था। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उसके साथी को डराकर भगा दिया और सुरेश पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी।हत्या के बाद अपराधियों ने सुरेश का सिर धड़ से अलग कर लगभग एक किलोमीटर दूर नाला किनारे झाड़ी में छुपा दिया।वहीं उसका धड़ जंगल में ही पड़ा मिला।
इधर, जब 13 सितंबर 2025 को सुबह सात बजे तक सुरेश जब घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। गांव से एक किलोमीटर दूर जंगल में खून के धब्बे मिले।खोजबीन के दौरान उन्हें सुरेश की सिरकटी लाश दिखाई दी।कपड़ों से उसकी पहचान की गई। इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। इधर, पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रविवार को बुंडू के डीएसपी ओमप्रकाश, तमाड़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार मोदी और एफएसएल की टीम घटनास्थल पर पहुंची।टीम ने बारीकी से निरीक्षण करते हुए खून के धब्बों और अन्य अहम नमूनों को जांच के लिए एकत्र किया।मौके से मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जो हत्या की गुत्थी सुलझाने में मदद करेगा।
गांव में इस वारदात को लेकर ग्रामीणों के बीच दहशत है।चर्चा है कि दो दिन पूर्व मृतक का अपने ही खानदान के कुछ लोगों से झगड़ा हुआ था। परिजनों ने आशंका जताई है कि उसी रंजिश में सामूहिक रूप से उसकी हत्या की गई और साक्ष्य छुपाने के लिए सिर अलग कर दिया गया।
डीएसपी ओमप्रकाश ने कहा कि मृतक सुरेश स्वांसी की हत्या जमीन विवाद को लेकर की गई है।गांव के ही कुछ लोगों से उसका पुराना विवाद था।पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं और बहुत जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

