अपराधियों ने दिनदहाड़े ईसीएल राजमहल परियोजना में की गोलीबारी,डोजर जलाने का किया प्रयास, जांच में जुटी पुलिस
गोड्डा।झारखण्ड के गोड्डा जिले में ईसीएल के राजमहल परियोजना में अपराधियों ने फायरिंग की है। साथ ही डोजर जलाने की भी कोशिश की गई है।फायरिंग के बाद कर्मियों के बीच अफरातफरी मच गई। वहीं फायरिंग करने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है
गोड्डा जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र स्थित ECL की राजमहल परियोजना में ठेका कंपनी अंबे माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड के लालघुटवा लोहंडिया के मध्य स्थित डंपिंग एरिया में दिनदहाड़े गोलीबारी से कर्मियों में हड़कंप है। इस संबंध पर डोजर चालक मुनचुन कुमार ने बताया कि शनिवार को दो हथियारबंद अपराधी पहुंचे थे। अपराधियों ने डोजर ऑपरेटर को भागने को कहा और डोजर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया। इसी दौरान एक अपराधी ने पास खड़े दूसरे डोजर पर फायरिंग कर दी।जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई और सभी कर्मी अपनी जान बचाने के लिए गार्ड रूम की ओर भाग खड़े हुए।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही महगामा एसडीपीओ चंद्रशेखर आजाद,ललमटिया थाना प्रभारी रौशन कुमार सिंह और बोआरीजोर थाना प्रभारी आशीष यादव दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।पुलिस ने मौके से पेट्रोल की बोतल, माचिस और डोजर के केबिन में फंसी गोली भी बरामद की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
इस संबंध में महगामा एसडीपीओ चंद्रशेखर आजाद ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने डंप एरिया में पहुंचकर फायरिंग की और डोजर में आग लगाने का प्रयास किया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
वहीं साइड सुपरवाइजर मुरलीधर, डोजर ऑपरेटर मुनचुन कुमार और गार्ड खुर्शीद अंसारी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि ब्लास्टिंग के समय साइड पर डोजर खड़ा था और वे आपस में बात कर रहे थे। तभी दो अज्ञात लोग पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए उन्हें भागने के लिए कहा। इसके बाद दोनों अपराधियों ने हथियार निकालकर दो राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली गाड़ी के शीशे में लगी।अपराधियों ने डोजर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, हालांकि आग जल्द ही बुझ गई।
बताया जाता है कि खनन एरिया में अपराधी इस तरह की वारदात कई बार कर चुके हैं।इसी साल तालझारी साइड में AMPL पैच पर मई में हथियारबंद अपराधियों ने दर्जनों चक्र फायरिंग की थी। इस तरह की घटना का उद्देश्य दहशत फैलाना होता है।
वहीं दूसरी ओर इस इलाके में कुछ संगठित आपराधिक गिरोह भी सक्रिय हैं।संभवतः शनिवार को हुई फायरिंग की घटना में उनका ही हाथ हो।वैसे पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है,लेकिन क्षेत्र में दहशत का माहौल है। साल के आखिर में इस घटना को अंजाम देकर अपराधियों ने पुलिस के सामने चुनौती पेश कर दी है।

