Ranchi:तमाड़ में जमीन विवाद में फायरिंग,शम्भू मुंडा नामक व्यक्ति को मारी गोली,गंभीर रूप से घायल,एक हिरासत में…
राँची।जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात गोलीबारी की वारदात हुई है।यह घटना गांगो टोला स्थित राजा डेरा गांव की है। इस घटना में गांव के ही शंभू मुंडा को कंधे में गोली लगी जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। परिजन और ग्रामीणों ने उसे तुरंत तमाड़ अस्पताल पहुंचाया।जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स राँची रेफर कर दिया।फिलहाल शंभू मुंडा का इलाज डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है।घटना के संबंध में प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शंभू मुंडा खाना खाने के बाद घर के बाहर टहल रहे थे।इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर गोली चला दी।पहली गोली दीवार में जा लगी जबकि दूसरी उनके कंधे में लगी।गोली लगते ही शंभू ने आसपास के लोगों से बचाने की गुहार लगायी।उनकी आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन हमलावर जंगल की ओर भाग निकले।वहीं,सूचना मिलते ही तमाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, यह घटना जमीन विवाद से जुड़ी है। ग्रामीणों ने बताया कि शंभू मुंडा का गांव के संजय मछुआ से लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद था।ऐसे में आशंका है कि इसी कारण उन पर फायरिंग हुई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर, बुंडू एसडीपीओ ओमप्रकाश,बुंडू थाना प्रभारी रामकुमार वर्मा दशमफॉल थाना प्रभारी प्रशांत गौरव के साथ साथ तमाड़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार मोदी घायल के स्वास्थ्य का जायजा लिया। इसके बाद घटनास्थल पर भी पहुंचे और पूरे इलाके में सघन छापेमारी शुरू की।एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि गोलीकांड जमीन विवाद से जुड़ा है।शंभू मुंडा और संजय मछुआ के बीच ये विवाद लंबे समय से चल रहा था।आरोपी की तलाश में कई टीमें छापेमारी कर रही हैं।पुलिस ने मुख्य आरोपी संजय मछुआ और उसके साथियों की तलाश तेज कर दी है।
जमीन विवाद बना घटना की वजह
जानकारी के अनुसार, घटना का मुख्य कारण एनएच 33, दुवारसिनी मोड के समीप सिंहजुड़ी में स्थित जमीन को लेकर चल रहे विवाद से जुड़ा है।शंभु मुंडा के ससुर, स्व. पंचानन मुंडा की यह जमीन पांच साल पहले संजय मछुआ को लीज पर दी गई थी, जिस पर उसने होटल चलाया। पांच साल की अवधि पूरी होने के बाद शंभु मुंडा ने जमीन खाली करने का दबाव डाला, जिससे दोनों पक्षों में तनातनी बढ़ गई।
पुलिस ने किया एक आरोपी को गिरफ्तार
थाना प्रभारी प्रवीण मोदी ने बताया कि फायरिंग के आरोप में एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार इलाके में छापेमारी कर रही है।

