उत्तरप्रदेश:आगरा में भीषण सड़क हादसा,स्कॉर्पियो सवार 9 लोगों की मौत,मृतक़ बिहार और झारखण्ड के हैं,तीन घायल

झारखण्ड न्यूज,राँची।महाशिवरात्रि के दिन बड़ी सड़क दुर्घटना हुई है।उत्तरप्रदेश के आगरा एत्मादपुर की ओर से आ रही स्कार्पियो गुरुवार सुबह एत्माद्दौला क्षेत्र में मंडी समिति के सामने पहुंचते ही बेकाबू हो गई।डिवाइडर पर चढ़कर दूसरी दिशा में पहुंची स्कार्पियो में सामने से आ रहे कंटेनर ने टक्कर मार दी। हादसे में स्कार्पियो सवार 9 लोगों की मौके पर ही मौत हाे गई। जबकि तीन को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।अब मरने वालों की संख्या नौ हो गइ है। स्कार्पियो झारखण्ड नंबर की है। हादसे का कारण चालक को झपकी आना बताया जा रहा है। हादसे में घायल हुए सभी स्कार्पियो सवार बिहार के रहने वाले हैं। जबकि चालक झारखण्ड का रहने वाला है।

बताया जा रहा है कि हाईवे पर हादसा सुबह 5.15 बजे हुआ। एत्मादपुर की ओर से आ रही स्कार्पियो गाड़ी अचानक बेकाबू होकर डिवाइडर पर चढ़ी और सड़क की दूसरी साइड पहुंच गई। इसी बीच रामबाग की ओर से तेज गति से कंटेनर आ गया। कंटेनर चालक ने स्कार्पियो बचाने का प्रयास किया, लेकिन स्पीड अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिली। स्कार्पियो में टक्कर मारने के बाद कंटेनर छोड़कर चालक और क्लीनर मौके से भाग गए। हादसे में स्कार्पियो क्षतिग्रस्त हो गई और इसमें सवार लोग फंस गए। आसपास के लोगों ने स्कार्पियो गाड़ी में फंसे चार घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचा दिया। मौके पर पुलिस के पहुंचने के बाद स्कार्पियो की बाडी तोड़कर अन्य लोगों को निकालने की कोशिश की गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद स्कार्पियो में फंसे अन्य लोग निकल सके। स्कार्पियो में चालक समेत 12 लोग सवार बताए जा रहे हैं। इनमें से आठ की मौके पर ही मौत हो गई। एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जबकि तीन का उपचार एसएन इमरजेंसी में चल रहा है।

स्कार्पियो का नंबर जेएच 13 डी 5029 है। यह चतरा झारखण्ड के एमडी हिफजुर रहमान के नाम से पंजीकृत है। पुलिस गाड़ी नंबर के आधार पर शिनाख्त के प्रयास कर रही है। बचाव कार्य में लगे लोगों को एक घायल ने बताया था कि वे गया से आ रहे हैं। इसके बाद वह भी बेहोश हो गया। अभी घायलों में से कोई बाेलने की स्थिति में नहीं है। उधर, हाईवे पर हादसे के बाद कई किमी तक जाम लग गया। हाईवे से पुलिस कंटेनर और क्षतिग्रस्त स्कार्पियो को हटवा रही है।

मृतकों के नाम: मृतकों की शिनाख्त बिहार के गया में फुलवारिया निवासी 17 वर्षीय गुड्डू कुमार, 15 वर्षीय नागेंद्र कुमार 17 वर्षीय सुरेंद्र कुमार, विपिन है।वहीं झारखण्ड के चतरा में हंटरगंज निवासी बबलू प्रजापति, गया में देवरिया निवासी बबलू प्रजापति, विकास कुमार, गया में हुसैड़ी निवासी 26 वर्षीय राजेश और गया में ही वरह निवासी अमन के रूप में हुई है।

घायल: बिहार के गया में कोड़िया निवासी सुजीत, 35 वर्षीय सूरज देव, गया में फुलवारिया निवासी छोटू एसएन इमरजेंसी में भर्ती हैं।