दुनिया के सबसे ताकतवर नेताओं में शामिल और करोड़ों भारतीयों के लाडले प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का 71वां जन्मदिन,राष्ट्रपति,गृहमंत्री,रक्षामंत्री सहित कई नेताओं ने दी बधाई

झारखण्ड न्यूज,राँची

दुनिया के सबसे ताकतवर नेताओं में शामिल और करोड़ों भारतीयों के लाडले प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को अपना 71वां जन्मदिन मना रहे हैं।देश के लोकप्रिय नेता को सुबह से बधाई संदेश आ रहे हैं। वहीं देश में तरह-तरह से प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाया जा रहा है। भाजपा ने आज देश में 2 करोड़ लोगों को टीकाकरण का लक्ष्य रखा है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्विटर पर अपने बधाई संदेश में लिखा, भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। मेरी शुभेच्छा है कि आप स्वस्थ रहें और दीर्घायु को प्राप्त कर ‘अहर्निशं सेवामहे’ की सर्वविदित भावना के साथ राष्ट्र सेवा का कार्य करते रहें।

वाराणसी में जबरदस्त उत्साह:

पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र में आज जबरदस्त उत्साह है। यहां लाखों दीपक जलाए जा रहे हैं और विशेष पूजा अर्चना का आयोजन किया जा रहा है।

अमित शाह का बधाई संदेश :

देश के सर्वप्रिय नेता प्रधानमंत्री मोदी जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य व सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूँ। मोदी जी ने न सिर्फ देश को समय से आगे सोचने और परिश्रम की पराकाष्ठा से संकल्प को सिद्ध करने की सोच दी बल्कि उसको चरितार्थ करके भी दिखाया।

राजनाथ सिंह का बधाई संदेश:

भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ। अपने निर्णय लेने की क्षमता, कल्पनाशीलता और दूरदृष्टि के लिए विख्यात मोदीजी ने भारत को एक ‘आत्मनिर्भर भारत’ का स्वरूप देने का जो संकल्प लिया है, वह उनके विज़न और प्रबल इच्छाशक्ति का प्रतीक है।

योगी आदित्यनाथ ने ऐसे दी बधाई: ‘अंत्योदय से आत्मनिर्भर भारत’ की दिव्य संकल्पना को साकार कर रहे यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की हृदयतल से बधाई। प्रभु श्री राम की कृपा से आपको दीर्घायु व उत्तम स्वास्थ्य की प्राप्ति हो। आजीवन माँ भारती की सेवा का परम सौभाग्य आपको प्राप्त होता रहे।

वहीं पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने पीएम नरेंद्र मोदी के 71वें जन्मदिन के अवसर पर कोलकाता के राजभवन में पौधे लगाए। राज्यपाल ने कहा, जलवायु परिवर्तन दुनिया के सामने सबसे बड़ी चुनौती है और सभी को पेड़ लगाने चाहिए।

पीएम मोदी के जन्मदिन पर भाजपा चलाएगी सेवा एवं समर्पण अभियान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर भाजपा शुक्रवार से सेवा एवं समर्पण अभियान शुरू कर रही है. इसके तहत भाजपा का चिकित्सा प्रकोष्ठ 17 से 20 सितंबर तक स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन करेगा. युवा मोर्चा के कार्यकर्ता रक्तदान शिविर, जबकि अनुसूचित मोर्चा के कार्यकर्ता गरीब बस्तियों में फल और जरूरी सामानों का वितरण करेंगे.

पिछड़ा वर्ग के कार्यकर्ता अनाथालय और वृद्ध आश्रम मे जाकर फल वितरण व अन्य सेवा कार्य करेंगे. सेवा एवं समर्पण अभियान के अंतर्गत किसान मोर्चा द्वारा किसान सम्मान दिवस का आयोजन करते हुए 71 किसानों और 71 जवानों को सम्मानित किया जाएगा. महिला मोर्चा कोरोना काल में सेवा कार्य करने वाली 71 महिलाओं को सम्मानित करेगा।