Ranchi:नाबालिगों को बेचने वाला गिरफ्तार कुख्यात मानव तस्कर रामलखन को दिल्ली पुलिस साथ लेकर गई

राँची।झाऱखण्ड की नाबालिग बच्चियों को बहला फुसला कर महानगरों में बेचने वाले आरोपी कुख्यात मानव तस्कर राम लखन साहू उर्फ राम लखन ओहदार को दिल्ली पुलिस की टीम ने राँची पुलिस के सहयोग से चुटिया थाना क्षेत्र में धुमसाटोली से गिरफ्तार किया है। दिल्ली के मॉडल टाउन थाना में वर्ष 2015 में रामलखन के विरुद्ध (कांड संख्या 243/15) नाबालिग बच्चियों का लाकर बेचने और बाल श्रम करवाने के मामले में प्राथमिकी दर्ज थी। उसके विरुद्ध गैर जमानती वारंट भी जारी थी। विगत छह वर्षों से रामलखन फरार चल रहा था। उसके विरुद्ध 2015 में सिमडेगा के एएचटीयू थाना में भी नाबालिग बच्ची को बहला कर दिल्ली में ले जाकर बेचने की प्राथमिकी दर्ज हुई थी। इस मामले में भी सिमडेगा पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। लेकिन उसके बाद भी नाबालिगों को बहला कर दिल्ली में बेचने का सिलसिला उसका जारी रहा। बुधवार को दिल्ली मॉडल टाउन थाना के एसआई सतवंत सिंह हेड कांस्टेबल बिक्कर सिंह के साथ रामलखन को गिरफ्तार करने के लिए राँची पहुंचे थे। इसके बाद एसएसपी की स्पेशल टीम और चुटिया थाना की मदद से बुधवार को रामलखन को धुमसा टोली से गिरफ्तार किया गया।

कोर्ट में पेश किया

मानव तस्कर रामलखन को कोर्ट में पेश किया गया।गुरुवार को दिल्ली पुलिस की टीम ने राम लखन को कोर्ट में लेकर गई।जहां से ट्रांजिट रिमांड लेकर आरोपी को दिल्ली पुलिस गुरुवार की देर रात ट्रेन से दिल्ली लेकर रवाना हुआ है।

करोड़ो की संपत्ति बना चुका है रामलखन मानव तस्करी से

गिरफ्तार रामलखन ओहदार मानव तस्करी का बड़ा सरगना है। वह मूल रूप से गुमला जिले के कामडारा का रहने वाला है। रामलखन ने राँची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित धुमसाटोली में चार मंजिला आलीशान मकान बनवा रखा है। जिसमें वह लड़कियों का हॉस्टल चलाता था। इसके अलावे उसने बिरसा चौक पर भी एक आलीशान शॉपिंग कॉम्पलेक्स बनवा रखा है। उसने मानव तस्करी से अकूत संपत्ति बनाई है। जिसे राँची में अलग अलग जगहों में इन्वेस्ट किया है।