झारखण्ड में 500 सहायक पुलिसकर्मी हुए सेवा मुक्त,आदेश जारी

राँची।झारखण्ड पुलिस में अनुबंध पर नियुक्त किए गए 500 सहायक पुलिसकर्मी सेवा मुक्त हो गए।जानकारी के मुताबिक दुमका, सिमडेगा और जमशेदपुर के सहायक पुलिसकर्मियों को सेवा मुक्त कर दिया गया है। दुमका पुलिस के द्वारा जारी किए गए आदेश में कहा गया है, कि 27 फरवरी 2017 को फोकस एरिया डेवलपमेंट प्लान में शामिल क्षेत्र में से राज्य के 12 जिलों के लिए अनुबंध 2500 सहायक पुलिस कर्मियों की नियुक्ति की गई थी। इन सभी सहायक पुलिस कर्मियों को एक-एक साल करके तीन साल का सेवा विस्तार दिया गया था। जो 8 अगस्त 2022 को संपन्न हो गया।जिसके बाद इन्हे 11 अगस्त से सेवा मुक्त किया जाता है।

झारखण्ड के 2500 सहायक पुलिसककर्मी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन किया था

12 नक्सल प्रभावित जिलों में संविदा के आधार पर बहाल 2,500 सहायक पुलिसककर्मी अपनी मांगों को लेकर सितंबर 2021 में मोराबादी मैदान में आंदोलन किए थे। पिछले 37 दिनों से आंदोलनरत सहायक पुलिसकर्मियों का आंदोलन तीन नवंबर 2021को खत्म हो गया था।सीएम हाउस घेराव कार्यक्रम से पहले ही पदाधिकारियों के साथ बैठक के बाद सहायक पुलिसकर्मियों ने आंदोलन वापस ली थी।

सहायक पुलिसकर्मियों की ये थीं मांगें

सहायक पुलिसकर्मी को सेवा बहाल रखने और पुलिसकर्मियों की नौकरी में उम्र सीमा की छूट सहित आठ अन्य मांगों को पूरा करने का आश्वासन मिला था. इसमें सीधी स्थायी नियुक्ति को छोड़ कर मानदेय बढ़ाने, 2022 तक सेवा बहाल रखने सहित अन्य मांगों पर चर्चा की गयी थी।
जानकारी के अनुसार, सहायक पुलिसकर्मियों की मांगों पर विचार करने के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित की गयी थी।