Ranchi:चार साल से पड़ोसी युवती से प्यार कर रहे 22 साल के युवक ने कुआं में छलांग लगा की खुदकुशी,मृतक के पिता ने इसलिए दर्ज कराया मामला….

राँची।डोरंडा थाना क्षेत्र स्थित न्यू एरिया गांधी नगर हिनू में रहने वाले अभिषेक कुमार (22) ने सात अगस्त की सुबह 4.30 बजे अपने घर के पास स्थित कुंआ में कूद खुदकुशी कर ली। इस संबंध में अभिषेक कुमार के पिता लक्ष्मण मिस्त्री ने अपने पड़ोसी के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उकसाने (भादवि की धारा 306 व 34 के तहत) की प्राथमिकी दर्ज डोरंडा थाना में कराई है। आरोप है कि उनका बेटा अभिषेक पड़ोस में रहने वाली महिला की बेटी के साथ प्रेम करता था। लेकिन महिला व उनके द्वारा भेजे गए चार पांच लड़कों ने उसे आत्महत्या के लिए उकासाया। इस वजह से उनके बेटे की मानसिक स्थिति गड़बड़ा गई और दबाव में आकर उसने खुदकुशी कर ली। अभिषेक कुमार अभी स्नातक की पढ़ाई कर रहा था। घटना की सूचना मिलने के बाद डोरंडा थाना की पुलिस न्यू एरिया गांधी नगर हिनू मृतक अभिषेक के घर पहुंची। उसके शव को पुलिस ने रिम्स पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। प्राथमिकी दर्ज कर डोरंडा पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। मामले के अनुसंधान के लिए जांच पदाधिकारी दारोगा विवेक कुमार को बनाया गया है।

पिता ने कहा दोनों परिवार में हो गई थी सहमति, फिर भी बांड लिखने का लड़के पर बनाया जा रहा था दबाव

मृतक अभिषेक कुमार के पिता लक्ष्मण मिस्त्री ने आरोप लगाया है कि उनके बेटा पड़ोस में सुदामा साहू के मकान में किराए पर रहने वाली लड़की से विगत चार वर्षों से प्यार कर रहा था। इस बात की जानकारी दोनों परिवार को थी। इस बात को लेकर दोनों परिवार की कई बार आपस में वार्ता भी हुई थी। दोनों परिवार की सहमति थी कि जैसे ही दोनों की पढ़ाई खत्म हो जाएगी उनकी शादी करा दी जाएगी। लेकिन लड़की की मां चाहती थी कि लड़का इस बात को लेकर बांड लिखकर दे। इसके लिए लड़की की मां ने अभिषेक के घर चार पांच लड़कों को भी भेजा था। इसी वजह से अभिषेक मानसिक दबाव में था और उसने सात अगस्त की सुबह पास में ही स्थित कुंआ में छलांग लगा खुदकुशी कर ली। घर वालों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।