सिक्किम में भीषण सड़क दुर्घटना में 16 जवान शहीद,कई जवान घायल

–जवानों की शहादत पर राष्ट्रपति,प्रधानमंत्री,गृहमंत्री,रक्षा मंत्री सहित कई लोगों ने गहरा दुःख व्यक्त किया है।

गंगटोक।पूर्वोत्तर राज्य सिक्किम में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। यहां भारतीय सेना की गाड़ी पलटने से 16 जवान शहीद हो गए। इस हादसे में घायल चार जवानों को तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन के जरिए एयरलिफ्ट किया गया। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। उत्तरी सिक्किम के जेमा इलाके में यह भीषण सड़क दुर्घटना हुई है। इस हादसे में भारतीय सेना के तीन अधिकारियों के भी शहीद होने की जानकारी मिली है। तीन गाड़ियों के काफिले में से एक ट्रक गहरी खाई में गिर गया।सेना के अधिकारी के मुताबिक घटना जेमा,उत्तरी सिक्किम में हुई। दुर्घटनाग्रस्त वाहन तीन वाहनों के काफिले का हिस्सा था,जो चटन से सुबह थंगू की ओर बढ़ा था।

पीआरओ डिफेंस लेफ्टिनेंट कर्नल महेंद्र रावत के मुताबिक, जेमा के रास्ते में वाहन एक तीखे मोड़ पर एक खड़ी ढलान पर फिसल गया। एक बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया और चार घायल सैनिकों को हवाई मार्ग से निकाला जा रहा है। इसमें दुर्भाग्य से तीन जूनियर कमीशंड अधिकारियों और 13 सैनिकों ने दुर्घटना में लगी चोटों के कारण दम तोड़ दिया। इस दुख की घड़ी में भारतीय सेना शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है।

इधर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सिक्किम में एक सड़क दुर्घटना में भारतीय सेना के वीर जवानों की शहादत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। राष्ट्रपति ने कहा कि मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर दुख जताया। पीएम ने कहा कि शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दुख जताया। रक्षा मंत्री ने कहा कि उत्तरी सिक्किम में एक सड़क दुर्घटना के कारण भारतीय सेना के जवानों की जान जाने का गहरा दुख है। राष्ट्र उनकी सेवा और प्रतिबद्धता के लिए हृदय से आभारी है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

घायलों को हर संभव सहायता प्रदान की गई: शाह

अमित शाह ने जवानों की मौत पर दुख जताया और कहा कि घायलों को इलाज के लिए हरसंभव सहायता मुहैया कराई गई है। शाह ने ट्वीट किया कि सिक्किम में हुई सड़क दुर्घटना में हमारी सेना के बहादुर जवानों की मौत के बारे में जानकर दुख हुआ। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों को हर संभव सहायता प्रदान की गई है। उनके जल्द से जल्द ठीक होने की कामना करता हूं।

तीव्र मोड़ के पास फिसला, 3 जेसीओ भी शहीद

इस हादसे में भारतीय सेना के 13 जवान और तीन जूनियर कमीशंड ऑफिसर (जेसीओ) शहीद हो गए हैं। भारतीय सेना ने इस दुखद हादसे पर बयान जारी किया है। सेना की तरफ से जारी रिलीज में कहा गया है, ‘उत्तरी सिक्किम के जेमा में सेना का एक ट्रक हादसे का शिकार हो गया। इस दुर्घटना में सेना के 16 जवानों की मौत हो गई। चार जवान घायल हैं। हादसा उस वक्त हुआ जब एक तीव्र मोड़ पर सेना का वाहन तेज ढलान पर फिसल गया। जो ट्रक हादसे का शिकार हुआ वह तीन गाड़ियों के काफिले में शामिल था। सुबह के वक्त चट्टेन से थंगू इलाके की ओर यह जा रहा था। हादसे की जानकारी मिलते ही फौरन मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। चार घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। दुर्भाग्य से हमारे तीन जूनियर कमीशंड ऑफिसर और 13 जवानों की इस हादसे में बुरी तरह जख्मी होने से मौत हो गई। दुख की इस घड़ी में भारतीय सेना शहीदों के परिवारों के साथ दृढ़ता से खड़ी है।’