नेट पर छाया आर्मी पब्लिक स्कूल राँची का दबदबा, 2-1 से फाइनल जीतकर बनी ईस्टर्न कमांड चैंपियन

 

राँची।आर्मी पब्लिक स्कूल (APS) राँची की बालिका वॉलीबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ईस्टर्न कमांड इंटर-एपीएस कमांड लेवल वॉलीबॉल टूर्नामेंट 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। दो दिनों तक चले इस रोमांचक टूर्नामेंट के फाइनल में मेजबान टीम ने APS नारंगी को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया। इस जीत के साथ APS रांची ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भी अपनी जगह पक्की कर ली।

प्रतियोगिता का आयोजन 20 और 21 अगस्त को APS राँची परिसर में किया गया, जिसमें ईस्टर्न कमांड के विभिन्न क्लस्टरों से पांच विद्यालयों की बालिका टीमों ने हिस्सा लिया। APS बेंगदुबी, APS नारंगी, APS टेंगा वैली, APS क्लिमपोंग और APS राँची की खिलाड़ियों ने दो दिनों तक कोर्ट पर दमखम दिखाया।

सेमीफाइनल में दिखाया दम, फाइनल में आया असली रोमांच
टूर्नामेंट के पहले दिन मुकाबलों की शुरुआत APS बेंगदुबी और APS टेंगा वैली के बीच हुई। कांटे के मुकाबले में बेंगदुबी ने 2-1 से जीत दर्ज की। इसके बाद सेमीफाइनल में APS नारंगी ने APS क्लिमपोंग को सीधे दो सेटों में 25-12 और 25-16 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया।दूसरे सेमीफाइनल में मेजबान APS रांची की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए APS बेंगदुबी को 2-0 से शिकस्त दी।राँची ने दोनों सेट 25-11 और 25-10 से जीतकर फाइनल में प्रवेश किया।

फाइनल में पहले बढ़त, फिर बराबरी और अंत में चैंपियन
फाइनल मुकाबले में APS राँची और APS नारंगी आमने-सामने थीं। घरेलू मैदान पर खेल रही APS राँची ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए और पहला सेट 25-19 से अपने नाम कर लिया।हालांकि APS नारंगी ने हार नहीं मानी और दूसरे सेट में जोरदार वापसी करते हुए 25-19 से जीत दर्ज कर मुकाबले को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। इसके बाद निर्णायक तीसरा सेट बेहद रोमांचक रहा। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने एक-एक अंक के लिए पूरा जोर लगाया, लेकिन आखिरकार APS राँची ने 15-13 से बाजी मार ली।तीसरे सेट की जीत के साथ ही कोर्ट पर APS राँची की खिलाड़ियों की खुशी देखने लायक रही। टीम ने कुल 2-1 से फाइनल जीतकर चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

बेंगदुबी ने जीता तीसरा स्थान

तीसरे स्थान के लिए APS बेंगदुबी और APS क्लिमपोंग के बीच मुकाबला हुआ। क्लिमपोंग ने पहला सेट 25-15 से जीतकर बढ़त बनाई, लेकिन बेंगदुबी ने शानदार वापसी की। उसने अगले दोनों सेट 25-16 और 15-12 से जीतते हुए मुकाबला 2-1 से अपने नाम किया और टूर्नामेंट में तीसरा स्थान हासिल किया।

पांच स्कूलों की 50 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
दो दिवसीय प्रतियोगिता में कुल 50 बालिका खिलाड़ियों और आठ एस्कॉर्ट शिक्षकों ने हिस्सा लिया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने खेल कौशल के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, टीमवर्क और खेल भावना का परिचय दिया।APS राँची की खिताबी जीत में मजबूत डिफेंस, आक्रामक खेल और खिलाड़ियों के बीच बेहतरीन तालमेल अहम रहा। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्थान मिलने से टीम के खिलाड़ियों और विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।

मेजर जनरल सज्जन सिंह मान ने किया सम्मानित
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मेजर जनरल सज्जन सिंह मान, पैट्रन, APS राँची मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं संगीता मान, चेयरपर्सन, FWO Cockerel Division, विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं।मुख्य अतिथि ने विजेता और प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण जरिया भी है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। संगीता मान ने भी खिलाड़ियों के समर्पण और खेल भावना की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

 

उद्घाटन से समापन तक खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन
20 अगस्त को हुए उद्घाटन समारोह में भी संगीता मान की गरिमामयी उपस्थिति रही। गणेश वंदना और स्वागत गीत के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए खेलों के जरिए अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना विकसित करने के महत्व पर जोर दिया।समापन समारोह में विजेता APS राँची, उपविजेता APS नारंगी और तीसरे स्थान पर रही APS बेंगदुबी की टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। विद्यालय के प्रधानाचार्य अभय कुमार सिंह, शिक्षकगण और आयोजन समिति ने सभी टीमों, खिलाड़ियों एवं एस्कॉर्ट शिक्षकों के प्रति आभार जताया।

APS राँची की इस जीत ने न सिर्फ विद्यालय का गौरव बढ़ाया, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का रास्ता भी खोल दिया है। अब राँची की बालिका टीम की नजर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में और बड़ी उपलब्धि हासिल करने पर होगी।

error: Content is protected !!