हजारीबाग में बाइक चोर गिरोह का बड़ा खुलासा: 17 चोरी की मोटरसाइकिल और टोटो बरामद, सात गिरफ्तार
हजारीबाग। जिले में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं के बीच हजारीबाग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पेलावल ओपी क्षेत्र में सक्रिय बाइक चोर गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी की 17 मोटरसाइकिल, एक टोटो और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस की कार्रवाई से बाइक चोरी के कई मामलों का खुलासा होने की उम्मीद है।

पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने प्रेसवार्ता कर जानकारी देते हुए
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक हजारीबाग को सूचना मिली थी कि जिले में पहले से मोटरसाइकिल चोरी करने वाला एक गिरोह फिर से सक्रिय है। गिरोह चोरी की बाइक की खरीद-बिक्री और चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव अमित आनंद, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय ज्ञान रंजन और सदर एसडीपीओ रूपक कुमार सिंह के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई।
पुलिस की गाड़ी देखकर भागने लगे, घेराबंदी कर दबोचे गए
गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्य और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध ठिकानों पर निगरानी शुरू की। इसी दौरान कुछ संदिग्ध अपराधियों को चड़वा डैम के पास मोटरसाइकिल के साथ घूमते हुए देखा गया। पुलिस टीम की नजर पड़ते ही संदिग्ध भागने की कोशिश करने लगे। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से चार संदिग्धों को पकड़ लिया।पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम मो. हुसैन अंसारी उर्फ दानिश, इरफान अंसारी उर्फ छोटे, मो. मुन्ना उर्फ ताहिर और तस्लीम अंसारी बताया। सभी पेलावल ओपी क्षेत्र के रहने वाले हैं।पुलिस की सख्ती से पूछताछ में आरोपियों ने मोटरसाइकिल चोरी में शामिल होने की बात स्वीकार की। पूछताछ में यह भी सामने आया कि 16 सितंबर को चड़वा मैदान से सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी की गई थी। इस मामले में पेलावल ओपी में कटकमसांडी थाना कांड संख्या 149/26 दर्ज है।
घर, गैरेज और जंगल में छिपाकर रखी गई थीं चोरी की बाइक
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चोरी की कई मोटरसाइकिलें अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखी गई हैं। इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर छापेमारी शुरू की।
इरफान अंसारी उर्फ छोटे और मो. हुसैन अंसारी उर्फ दानिश के घर, ग्राम करमा के एक बॉडी गैरेज, ग्राम डांटो के जंगल तथा केराडारी क्षेत्र के गैरेजों में छापेमारी की गई। यहां से चोरी की कई मोटरसाइकिलें बरामद हुईं।पुलिस के मुताबिक, केरेडारी के पवन कुमार साव के गैरेज और फजरुद्दीन अंसारी उर्फ साहिल उर्फ छोटू के गैरेज में करीब 8-9 चोरी की मोटरसाइकिलों की बिक्री किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से बरामद हुईं 17 बाइक
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर कुल 17 चोरी की मोटरसाइकिल और एक टोटो वाहन बरामद किया। बरामद वाहनों में अपाची, ग्लैमर, होंडा साइन, स्प्लेंडर, स्प्लेंडर प्लस, पैशन प्रो समेत कई मॉडल शामिल हैं।पुलिस ने इरफान उर्फ छोटे के घर से अपाची, होंडा साइन और स्प्लेंडर प्लस, जबकि मो. हुसैन अंसारी उर्फ दानिश के घर से ग्लैमर और होंडा साइन बरामद की।
इसके अलावा ग्राम करमा के बॉडी गैरेज, डांटो के जंगल और केरेडारी स्थित गैरेज से भी चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
कई पुराने चोरी के मामलों से जुड़ा कनेक्शन
पुलिस की बरामदगी में ऐसी मोटरसाइकिलें भी शामिल हैं, जिनके चोरी होने की रिपोर्ट जिले के अलग-अलग थानों में दर्ज है।पुलिस के अनुसार, बड़कागांव, पेलावल ओपी, लोहसिंघना, कोर्रा, सदर और इचाक थाना क्षेत्रों में दर्ज बाइक चोरी के मामलों से बरामद वाहनों का संबंध सामने आया है।इनमें 13 सितंबर को बड़कागांव के पास से ग्लैमर बाइक चोरी, 16 सितंबर को चड़वा मैदान से सुपर स्प्लेंडर चोरी, 6 सितंबर को मिल्लत कॉलोनी मस्जिद के बाहर से स्प्लेंडर प्लस चोरी, 25 अगस्त को नगवां सिंदूर से स्प्लेंडर चोरी तथा 15 सितंबर को पेट्रोल पंप के सामने चर्च गेट के पास से होंडा साइन चोरी जैसे मामले शामिल हैं।पुलिस ने कई अन्य पुराने मामलों में चोरी गई मोटरसाइकिलों को भी बरामद किया है।
इस कार्रवाई में गिरफ्तार सात अपराधियों की पहचान मो. हुसैन अंसारी उर्फ दानिश (22), इरफान अंसारी उर्फ छोटे (27), मो. मुन्ना उर्फ ताहिर (24), तस्लीम अंसारी (25), सरफराज आलम, पवन कुमार साव (27) और फजरुद्दीन अंसारी उर्फ साहिल उर्फ छोटू (करीब 25 वर्ष) के रूप में हुई है।पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
तकनीकी साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने कसा शिकंजा
पूरी कार्रवाई में तकनीकी साक्ष्य और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की मदद से संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी गई। इसके बाद मौके पर घेराबंदी कर गिरफ्तारी की गई। छापेमारी अभियान में एसडीपीओ, पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी, ओपी प्रभारी सहित तकनीकी शाखा और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय बाइक चोरी के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। बरामद 17 मोटरसाइकिलों के सामने आने के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने कितनी और बाइक चोरी की थीं और चोरी के वाहनों को किन-किन लोगों के हाथों बेचा गया।

