लोहरदगा में ज्वेलरी शॉप लूटने पहुंचे बदमाश, दुकानदार की बहादुरी से नाकाम हुई वारदात

लोहरदगा।झारखण्ड के लोहरदगा शहर के सबसे व्यस्त अपर बाजार स्थित खत्री ज्वेलर्स में गुरुवार की शाम लूट की एक बड़ी वारदात उस समय टल गई, जब दुकान संचालक संजय खत्री ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए हथियारबंद बदमाशों का डटकर सामना किया। हाथापाई के दौरान उन्होंने एक आरोपी के हाथ से देशी कट्टा छीन लिया, जिससे घबराकर दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए।
घटना शाम करीब पांच बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो युवक ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचे और सोने के आभूषण दिखाने को कहा। कुछ देर बाद अचानक एक युवक ने देशी कट्टा निकालकर दुकानदार को धमकाया और लूट की कोशिश करने लगा। लेकिन बदमाश की धमकी से घबराने के बजाय संजय खत्री उससे भिड़ गए। दोनों के बीच हुई जोरदार हाथापाई में दुकानदार ने आरोपी के हाथ से कट्टा छीन लिया। साथी को मुश्किल में देख दूसरा बदमाश भी दुकान से बाहर निकल आया और दोनों पास की गली से मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दुकानदार ने अपराधी से छीना गया देशी कट्टा पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपियों की पहचान में जुट गई है। दिनदहाड़े व्यस्त बाजार में हुई इस घटना के बाद व्यापारियों में दहशत का माहौल है। बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी और लोग भी खत्री ज्वेलर्स पहुंचकर घटना की जानकारी लेते रहे।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात में शामिल एक संदिग्ध युवक करीब एक सप्ताह पहले भी ग्राहक बनकर दुकान पर आया था। उसने काफी देर तक आभूषण देखे, लेकिन बिना खरीदारी किए लौट गया। पुलिस को आशंका है कि उसी दौरान दुकान की रेकी की गई थी और गुरुवार को सुनियोजित तरीके से लूट की कोशिश की गई।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों ने दावा किया है कि दोनों बदमाशों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

