मोहर्रम के मद्देनजर 27 जून को राँची के सभी स्कूल रहेंगे बंद, जिला प्रशासन का आदेश

 

राँची।मोहर्रम पर्व के अवसर पर 27 जून 2026 (शनिवार) को राँची जिले के अधिकांश क्षेत्रों में ताजिया एवं अखाड़ा जुलूस निकाले जाएंगे। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।

जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर यह फैसला लिया गया है। प्रशासन का कहना है कि जुलूस के दौरान कई मार्गों पर यातायात प्रभावित रहेगा, जिससे स्कूली बच्चों के आवागमन में परेशानी हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए छात्रों की सुरक्षा और सुविधा के लिए 27 जून को सभी विद्यालय बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

हालांकि, जिन विद्यालयों में पहले से परीक्षा निर्धारित है, वे अत्यंत आवश्यक होने पर जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO),राँची को पूर्व सूचना देकर परीक्षा आयोजित कर सकते हैं।

जिला प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों और आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में भागीदारी निभाने का आग्रह किया है।

error: Content is protected !!