पलामू: मौसी के घर जा रही नाबालिग को ऑटो चालक ने तीन दोस्तों संग बनाया हवस का शिकार, चारों तरफ तलाश के बाद तीनों गिरफ्तार
पलामू। झारखण्ड के पलामू जिले के उंटारी रोड थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। मौसी के घर जाने के लिए ऑटो पर सवार हुई एक नाबालिग के साथ तीन युवकों ने कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना 29 अक्टूबर की रात की बताई जा रही है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑटो चालक समेत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपी भदुमा गांव के रहने वाले हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, हुसैनाबाद थाना क्षेत्र की रहने वाली नाबालिग अपनी मौसी के घर जाने के लिए मोहम्मदगंज से एक ऑटो में सवार हुई थी। ऑटो में चालक के अलावा दो अन्य युवक भी मौजूद थे। बताया जाता है कि तीनों युवक ऑटो चलाने का काम करते थे। नाबालिग जब मौसी के गांव पहुंची तो वहां उसका कथित प्रेमी भी मौजूद था। लेकिन उसे तीन युवकों के साथ देखकर वह वहां से चला गया।इसके बाद नाबालिग वापस मोहम्मदगंज जाने के लिए उसी ऑटो में बैठ गई। आरोप है कि रास्ते में बराज के पास तीनों युवकों ने उसे अपनी हवस का शिकार बनाया। इस घटना के बाद पूरा मामला सामने आया।
बताया जाता है कि कथित प्रेमी के अचानक वहां से चले जाने के बाद नाबालिग के परिजन परेशान हो गए। उन्होंने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की और नाबालिग तक पहुंची। इसके बाद पूछताछ में कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना का खुलासा हुआ।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उंटारी रोड थाना प्रभारी संतोष कुमार गिरि ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

