पत्नी से विवाद के बाद कुएं में कूदा युवक, तैरना जानता था फिर भी नहीं बच सकी जान, मौत पर दो अलग-अलग कहानी

 

कोडरमा। जिले के जयनगर थाना क्षेत्र के पेठियाबागी में गुरुवार की रात एक युवक की कुएं में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय दीपक साव उर्फ कल्लू साव के रूप में हुई है। घटना रात करीब नौ बजे की बताई जा रही है। कल्लू साव राशन की दुकान चलाता था और उसके दो पुत्र व एक पुत्री हैं।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात दुकान बंद करने के बाद कल्लू अपने घर पहुंचा था। इसके कुछ देर बाद किसी बात को लेकर पत्नी से उसका विवाद हो गया। ग्रामीणों के मुताबिक, विवाद के बाद गुस्से में कल्लू ने घर के आंगन में बने कुएं में छलांग लगा दी।

ग्रामीणों का कहना है कि कल्लू को तैरना आता था और वह पहले भी गुस्से में इसी कुएं में छलांग लगा चुका था। उस समय कुछ देर बाद वह खुद कुएं से बाहर निकल आया था। यही वजह रही कि गुरुवार रात जब वह कुएं में कूदा तो परिजनों और आसपास के लोगों ने शुरुआत में इसे गंभीरता से नहीं लिया। सभी को लगा कि वह थोड़ी देर बाद खुद बाहर आ जाएगा।लेकिन काफी देर बीत जाने के बाद भी जब कल्लू बाहर नहीं आया तो परिजन और ग्रामीण कुएं के पास पहुंचे। कुएं में झांकने पर वह पानी की ऊपरी सतह पर स्थिर दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से उसे बाहर निकाला गया।

कल्लू को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयनगर ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने सदर अस्पताल कोडरमा रेफर कर दिया। सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वहीं मृतक के पिता छोटन साव ने घटना को हादसा बताया है। उनका कहना है कि कल्लू दुकान से घर आने के बाद कुएं के पास हाथ-पैर धोने गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह कुएं में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई।दूसरी ओर, ग्रामीणों के बयान में पत्नी से विवाद के बाद कुएं में छलांग लगाने की बात सामने आ रही है। पुलिस अब दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।

 

error: Content is protected !!