तेज प्रताप पर पहली बार खुलकर बोलीं अनुष्का यादव, बोलीं- ‘जबरदस्ती घर में घुसने की कोशिश की, बेटी के साथ बिताती हूं पूरा समय

 

पटना। बिहार की राजनीति में लालू प्रसाद यादव के परिवार से जुड़ा विवाद एक बार फिर चर्चा में है। तेज प्रताप यादव से जुड़े मामले में अनुष्का यादव ने पहली बार मीडिया के सामने अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने तेज प्रताप के सोशल मीडिया पोस्ट और उनसे जुड़े विवादों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनके पास इन सब बातों पर ध्यान देने का समय नहीं है। उनकी पूरी दुनिया उनकी बेटी उज्जैनी के इर्द-गिर्द है। हालांकि, बातचीत के दौरान उन्होंने एक गंभीर आरोप भी लगाया। अनुष्का के मुताबिक, जब उनके भाई घर पर मौजूद नहीं थे, तब तेज प्रताप उनके घर आए थे और उन्होंने जबरदस्ती अंदर घुसने की कोशिश की थी।

‘मेरे पास इन सब बातों के लिए समय नहीं है’
अनुष्का यादव हाल ही में पटना में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची थीं। इसी दौरान मीडिया ने उनसे तेज प्रताप यादव के सोशल मीडिया पोस्ट और उनके द्वारा लगाए गए आरोपों को लेकर सवाल पूछे। इस पर अनुष्का ने कहा कि उन्होंने तेज प्रताप के पोस्ट या ट्वीट पर ध्यान नहीं दिया है। उन्होंने कहा, “मेरे पास इन सब बातों पर ध्यान देने का समय नहीं है। मेरी एक बेटी है और मेरा सारा समय उसी के साथ बीतता है।”अनुष्का के इस बयान को तेज प्रताप से जुड़े विवाद पर उनकी पहली सार्वजनिक प्रतिक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है। अब तक इस मामले में उनकी ओर से खुलकर कुछ नहीं कहा गया था।

‘वह हमारे घर आए थे, जबरदस्ती घुसने की कोशिश की’
तेज प्रताप से जुड़े विवाद पर अपनी बात रखते हुए अनुष्का यादव ने कहा कि उनके भाई उस समय घर पर नहीं थे, लेकिन तेज प्रताप उनके घर आए थे। अनुष्का के अनुसार, उन्होंने जबरदस्ती घर के अंदर घुसने की कोशिश की थी।उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को विवाद बताते हुए कहा कि यह उनका पारिवारिक मामला है और इस पर वह ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहतीं। हालांकि, उनके इस बयान के संबंध में संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया सामने आने पर मामले की दूसरी तरफ भी स्पष्टता आ सकती है।अनुष्का ने तेज प्रताप के खिलाफ चल रही चर्चाओं पर ज्यादा टिप्पणी करने से परहेज किया। उन्होंने कहा कि इन सभी मामलों में उन्हें कुछ नहीं कहना है।

विवादों के बीच तेज प्रताप की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना

मीडिया से बातचीत के दौरान अनुष्का यादव ने ऐसा बयान भी दिया, जिसने सबका ध्यान खींचा। उन्होंने कहा कि तेज प्रताप यादव जितनी भी कंट्रोवर्सी कर रहे हैं, उसके लिए वह उन्हें धन्यवाद देती हैं। साथ ही उन्होंने तेज प्रताप के लंबे जीवन और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब तेज प्रताप से जुड़ा विवाद लगातार चर्चा में बना हुआ है। हालांकि, अनुष्का ने अपने बयान में विवाद के दूसरे पहलुओं पर विस्तार से कुछ भी कहने से इनकार किया।

रूप चंद भगत उत्सव हॉल में पारिवारिक कार्यक्रम में पहुंचीं अनुष्का

दरअसल, पिछले दिनों तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा किया था। इसमें उन्होंने पटना के कदमकुआं स्थित रूप चंद भगत उत्सव हॉल में अपने खिलाफ साजिश रचे जाने का दावा किया था। इस पोस्ट के बाद मामला चर्चा में आ गया था।इसी बीच अनुष्का यादव अपने भाई आकाश यादव और बेटी उज्जैनी के साथ पारिवारिक कार्यक्रम में पहुंचीं। यहां उन्होंने पहली बार मीडिया से बातचीत की और तेज प्रताप से जुड़े सवालों पर अपना पक्ष रखा।

अनुष्का ने बताया कि वह अपनी बेटी उज्जैनी के साथ डांडिया क्लास में शामिल होने आई हैं। उन्होंने कहा कि यह उनके परिवार का कार्यक्रम है और विशाल भैया ने उन्हें आमंत्रित किया था। इसलिए वह अपनी बेटी के साथ पूजा का आनंद लेने और कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंची हैं।

दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं भी दीं
बातचीत के दौरान अनुष्का यादव ने लोगों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि वह अपनी बेटी के साथ पूजा के माहौल का आनंद लेने आई हैं। तेज प्रताप से जुड़े सवालों पर उन्होंने अपनी बात रखी, लेकिन साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि वह इस विवाद को ज्यादा तूल नहीं देना चाहतीं।फिलहाल, तेज प्रताप यादव और अनुष्का यादव से जुड़ा यह मामला पारिवारिक विवाद के रूप में चर्चा में है। अनुष्का के घर में जबरन प्रवेश की कोशिश करने के आरोप पर तेज प्रताप का पक्ष और इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति अधिक स्पष्ट हो सकेगी।

 

दरअसल, मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, अनुष्का के भाई आकाश यादव ने आरोप लगाया था कि 6 जून को तेज प्रताप यादव अपने सहयोगी मोतीलाल के साथ पटना के पाटलिपुत्र स्थित उनके घर में जबरन प्रवेश करने की कोशिश की थी। आकाश का आरोप था कि यह विवाद उनकी भांजी उज्जैनी से मिलने को लेकर हुआ। बाद में कोर्ट के निर्देश पर पाटलिपुत्र थाने में तेज प्रताप के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने की खबर आई थी।वहीं, तेज प्रताप यादव ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इन्हें झूठा और मनगढ़ंत बताया था। इसके बाद उन्होंने भी पुलिस के समक्ष शिकायत देकर अपने घर में चार लोगों के जबरन घुसने और खुद के खिलाफ साजिश रचे जाने का आरोप लगाया था।

error: Content is protected !!