जमशेदपुर में LIC भवन की चौथी मंजिल में भीषण आग, देर रात मची अफरा-तफरी;करीब आधा दर्जन दमकलों ने कई घंटे बाद पाया काबू, भारी नुकसान का अनुमान

जमशेदपुर। बिष्टुपुर स्थित भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) भवन की चौथी मंजिल में शनिवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने की घटना रात करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। आग की लपटें और धुआं निकलता देख बैंक ऑफ बड़ौदा के सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल LIC प्रबंधन, पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।आग लगने के समय भवन के अंदर मौजूद दो कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग की करीब आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। शुरुआती दौर में आग को चौथी मंजिल तक सीमित रखने और आसपास की इमारतों में फैलने से रोकने पर विशेष ध्यान दिया गया, क्योंकि LIC भवन के आसपास बाजार और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान मौजूद हैं।

तीन-चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू
दमकलकर्मियों ने लगातार करीब तीन-चार घंटे तक मशक्कत की। आग को भवन की अन्य मंजिलों और आसपास की इमारतों तक फैलने से रोकने के बाद सुबह करीब चार बजे आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया। इसके बाद भी दमकल की टीम ने भवन में जाकर स्थिति की जांच की और किसी तरह की दोबारा आग भड़कने की आशंका को देखते हुए सावधानी बरती।

चौथी मंजिल पर LIC का कार्यालय और कॉन्फ्रेंस हॉल स्थित है। आग की चपेट में वहां रखे फर्नीचर, महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य सामान आने की बात सामने आई है। प्रारंभिक जांच में कार्यालय के अंदर भारी नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि वास्तविक नुकसान कितना हुआ है, इसका आकलन विस्तृत जांच और कार्यालय के सामान की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि पुलिस और अग्निशमन विभाग की ओर से आग लगने के वास्तविक कारण की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग के कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो पाएगी।

आग की सूचना मिलते ही LIC के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस तथा अग्निशमन विभाग की टीम आग से हुए नुकसान का आकलन करने के साथ-साथ यह भी जांच कर रही है कि आग की शुरुआत कार्यालय के किस हिस्से से हुई थी।फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन प्रारंभिक जांच में LIC कार्यालय के अंदर भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

error: Content is protected !!