एक रात, तीन वारदात और शहर में दहशत… हत्या से लेकर चाकूबाजी और लूट तक, दो शातिर अपराधी दबोचे गए…
राँची। राजधानी राँची में एक ही रात में हत्या, चाकूबाजी और लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। औघड़ बाबा आश्रम के पास झाड़ी में मिले 32 वर्षीय उपेंद्र कुमार मिश्रा के शव की जांच से शुरू हुई तफ्तीश ने पुलिस को एक ऐसे अपराधी गिरोह तक पहुंचा दिया, जिसने उसी रात अलग-अलग इलाकों में चाकू के बल पर लूट और चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू, लूटे और चोरी किए गए मोबाइल फोन समेत कई सामान बरामद किए हैं।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुजीत कुमार गुप्ता उर्फ पीटर और राकेश कुमार यादव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने तीनों घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और उनके साथ जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
झाड़ी में मिला था युवक का शव, चाकू मारकर हत्या
मामला 26 अगस्त 2026 का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि औघड़ बाबा आश्रम के बगल में झाड़ियों के पास एक अज्ञात युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास के लोगों से पूछताछ तथा अन्य माध्यमों से शव की पहचान उपेंद्र कुमार मिश्रा (32), पिता त्रिलोकीनाथ मिश्रा, निवासी कुम्हार टोली कृष्णावाडो, थाना सुखदेवनगर,राँची के रूप में हुई।परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर कोतवाली थाना कांड संख्या 189/26 दर्ज किया गया। आरोप था कि उपेंद्र की चाकू मारकर हत्या करने के बाद अपराधी उसका मोबाइल और मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए।
एक हत्या ने खोला पूरी वारदातों का राज
मामले की जांच आगे बढ़ी तो पुलिस के सामने उसी रात हुई दो अन्य घटनाओं की कड़ियां भी सामने आने लगीं। अरगोड़ा थाना क्षेत्र में सहजानंद चौक के पास एक ट्रक चालक को अज्ञात अपराधियों ने चाकू मारकर उसका मोबाइल लूट लिया था। इस मामले में अरगोड़ा थाना कांड संख्या 230/26 दर्ज किया गया।
इसी रात अरगोड़ा थाना क्षेत्र के बसंत बिहार रोड नंबर-5 स्थित एक निर्माणाधीन भवन में भी चोरी की घटना हुई। यहां दो लोगों द्वारा घर में घुसकर मोबाइल चोरी करने का मामला सामने आया। इस संबंध में अरगोड़ा थाना कांड संख्या 232/26 दर्ज किया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तीनों घटनाएं एक ही रात में हुई थीं और घटनाओं को अंजाम देने का तरीका भी लगभग एक जैसा था। इससे पुलिस को आशंका हुई कि हत्या, ट्रक चालक से लूट और निर्माणाधीन भवन में चोरी के पीछे एक ही अपराधी समूह हो सकता है।
SIT ने संभाली जांच, तकनीकी और मानवीय सूचना से दबोचे गए आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए राँची के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन में सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई। SIT ने मामले की जांच में तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ मानवीय सूचना तंत्र का इस्तेमाल किया। पुलिस ने घटनास्थल, संदिग्धों की गतिविधियों और उपलब्ध सुरागों को जोड़ते हुए आखिरकार दोनों संदिग्धों तक पहुंच बनाई।इसके बाद पुलिस ने सुजीत कुमार गुप्ता उर्फ पीटर और राकेश कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने पुलिस के सामने तीनों घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
चाकू, चार मोबाइल और वारदात के वक्त पहने कपड़े बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कई महत्वपूर्ण सामान बरामद किए हैं। इनमें घटना में इस्तेमाल किया गया फोल्डेबल स्टेनलेस स्टील चाकू भी शामिल है। इसके अलावा मृतक और ट्रक चालक से लूटे गए एक-एक मोबाइल, मजदूर से चोरी किया गया मोबाइल और एक कीपैड मोबाइल समेत कुल चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।पुलिस ने घटना के समय दोनों आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े और चप्पल भी बरामद किए हैं। इन सामानों को जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है।
पहले से भी अपराध में शामिल रहा है सुजीत
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी सुजीत कुमार गुप्ता उर्फ पीटर का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ चोरी, लूट और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामले पहले से दर्ज हैं। वह पूर्व में जेल भी जा चुका है।सुजीत के खिलाफ सुखदेवनगर, अरगोड़ा और चुटिया थाना क्षेत्रों में चोरी, लूट और मादक पदार्थ से संबंधित मामले दर्ज रहे हैं। वहीं दूसरे आरोपी राकेश कुमार यादव के खिलाफ सुखदेवनगर थाना में घर में चोरी से संबंधित मामला दर्ज है और वह भी पूर्व में जेल जा चुका है।
पुलिस को अब अन्य वारदातों के खुलासे की उम्मीद
एक ही रात में हत्या, चाकूबाजी और चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम देने वाले दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या इन दोनों ने इससे पहले भी रांची के अलग-अलग इलाकों में इसी तरीके से वारदातों को अंजाम दिया है।पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके संपर्क में रहे अन्य लोगों, लूटे गए सामान और पूर्व की आपराधिक घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान अन्य मामलों के भी खुलासे हो सकते हैं।
छापेमारी टीम में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
पूरी कार्रवाई में एएसपी कोतवाली,डीएसपी हटिया, कोतवाली थाना प्रभारी, अरगोड़ा थाना प्रभारी, सुखदेवनगर थाना प्रभारी समेत कोतवाली, अरगोड़ा, सुखदेवनगर और तकनीकी शाखा के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे।पुलिस की इस कार्रवाई से एक तरफ औघड़ बाबा आश्रम के पास हुई हत्या का खुलासा हुआ है, वहीं दूसरी तरफ उसी रात शहर में हुई चाकूबाजी और चोरी की वारदातों की कड़ी भी जुड़ गई है। अब पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है।

