दुकान मालिक की पत्नी से कर्मचारी का था अवैध संबंध,विरोध करने पर दुकानदार की गोली मारकर हत्या,मुख्य आरोपी सहित पांच गिरफ्तार
धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले के झरिया के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र में हुए हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश में युवक की गोली मारकर हत्या की गई थी।इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है।इस संबंध में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने गुरुवार को प्रेस वार्ता कर जानकारी दी।
झरिया स्थित जोड़ापोखर थाना क्षेत्र में 12 अप्रैल की रात गुड्डू उर्फ शमीम की हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है।शमीम उर्फ गुड्डू शेख (36) की पहचान हुई थी, जिसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद मृतक की पत्नी के बयान पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले का खुलासा कर दिया।जांच में जो तथ्य सामने आए, वह चौंकाने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी और उसकी ही दुकान में काम करने वाले कर्मचारी मो.अंसारी उर्फ सिध्धु के बीच अवैध संबंध थे।इसी संबंध को लेकर विवाद बढ़ा और हत्या की साजिश रची गई।
12 अप्रैल की रात प्रेमी ने योजनाबद्ध तरीके से दुकान के मालिक को बहाने से सुनसान स्थान भूलन बीसीसीएल मैगजीन के पास ओबी डंप क्षेत्र में बुलाया।वहां पहले से मौजूद साथियों के साथ मिलकर उसने पीछे से गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सिद्धू और उसके सहयोगी शुभम सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन नाबालिगों से पूछताछ की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल 7.65 एमएम का देसी पिस्तौल, एक क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

