राँची स्टेशन पर दबंगई…RPF जवान से भिड़े युवक, बूथ में घुसकर मारपीट,दो गिरफ्तार,तीसरा फरार…
राँची।राँची रेलवे स्टेशन के ऑटो प्रीपेड इलाके में यात्रियों को परेशान करने से रोकना आरपीएफ जवान को भारी पड़ गया। आरोप है कि तीन युवकों ने पहले स्टेशन परिसर में हंगामा किया और जब ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ आरक्षी धीरेंद्र प्रताप सिंह ने उन्हें ऐसा करने से मना किया तो वे जवान से ही उलझ गए। दो युवक जबरन RPF बूथ में घुस गए और जवान के साथ गाली-गलौज व हाथापाई की। इस दौरान सरकारी वर्दी भी क्षतिग्रस्त हो गई और जवान को चोटें आईं।
मामले में चुटिया थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मैकलुस्कीगंज निवासी सौरभ कुमार (23) और शिवम प्रसाद (23) को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, तीसरा आरोपी विकास प्रसाद (23) मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया है।
रात 2:45 बजे स्टेशन के ऑटो प्रीपेड इलाके में हुआ हंगामा
पुलिस के मुताबिक, धीरेंद्र प्रताप सिंह की ड्यूटी 6/7 अक्टूबर की रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक राँची रेलवे स्टेशन के ऑटो प्रीपेड, सर्कुलेटिंग एरिया, PRS और UTS क्षेत्र में थी। 7 अक्टूबर की रात करीब 2:45 बजे तीन युवक ऑटो प्रीपेड क्षेत्र में पहुंचे।
आरोप है कि तीनों वहां बैठे और आराम कर रहे यात्रियों को अनावश्यक रूप से उठाने लगे। इसके बाद शोर-शराबा और हंगामा करने लगे। RPF जवान ने उन्हें यात्रियों को परेशान नहीं करने और रेलवे परिसर में शांति बनाए रखने की हिदायत दी।
समझाने पर भड़के, बूथ में घुसकर की हाथापाई
जवान ने आरोप लगाया है कि समझाने और रोकने पर तीनों युवक आक्रोशित हो गए। इनमें से दो युवक जबरन ऑटो प्रीपेड बूथ के अंदर घुस आए और गाली-गलौज करते हुए जवान के साथ हाथापाई शुरू कर दी।हाथापाई में धीरेंद्र प्रताप सिंह के दाएं हाथ की उंगली और बाएं कंधे में चोट आई। आरोप है कि इस दौरान उनकी सरकारी वर्दी को भी गंदा और फाड़ दिया गया। जवान ने इसे सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने और सार्वजनिक स्थान पर शांति भंग करने की घटना बताते हुए चुटिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।
वॉकी-टॉकी से मांगी मदद, RPF ने दो को दबोचा
घटना के दौरान RPF जवान ने वॉकी-टॉकी से अपने शिफ्ट अधिकारी और नजदीकी बीट स्टाफ को सूचना दी। सूचना मिलते ही RPF के जवान मौके पर पहुंचे और तीनों युवकों की घेराबंदी की। इस दौरान सौरभ कुमार और शिवम प्रसाद को पकड़ लिया गया, जबकि विकास प्रसाद अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला।बाद में चुटिया थाना की PCR टीम भी मौके पर पहुंची और दोनों पकड़े गए युवकों को थाने ले गई। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद दोनों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की गई है। पुलिस फरार विकास प्रसाद की तलाश में छापेमारी कर रही है।

