युवक ने दाउली से रेता अपना ही गला, इलाज के दौरान मौत; परिजनों में मचा कोहराम

खूंटी। खूंटी सदर थाना क्षेत्र के शिंभूकेल गांव में एक दिलदहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ शनिवार को एक 22 वर्षीय युवक ने तेजधार हथियार दाउली से खुद का गला काट लिया। गंभीर अवस्था में परिजनों ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस खौफनाक कदम से मृतक के घर और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है।

​मृतक की पहचान शिंभूकेल गांव निवासी 22 वर्षीय बुधु मुंडा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बुधु पिछले लगभग एक सप्ताह से गहरे मानसिक तनाव और परेशानी से गुजर रहा था। शनिवार को अचानक उसने घर में रखी दाउली उठाई और अपने ही गले पर वार कर लिया। खून से लथपथ बुधु को देखकर परिजनों के होश उड़ गए और वे आनन-फानन में उसे खूंटी सदर अस्पताल ले गए, जहाँ उसने अंतिम सांस ली।

​घटना की सूचना मिलते ही खूंटी सदर थाने की पुलिस टीम सदर अस्पताल पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर शुरुआती जानकारी जुटाई। इसके बाद आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया गया और देर शाम उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।

​मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच में जुट गई है कि आखिर युवक किस वजह से मानसिक रूप से परेशान था और उसने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया।

error: Content is protected !!