Jharkhand:पुलिस हिरासत से फरार महिला को किया गिरफ्तार,पति की हत्या के आरोपी है महिला,पुलिस को चकमा देकर बुधवार को फरार हो गई थी

धनबाद।जिले के कतरास पुलिस 24 घंटो से फरार महिला को खोजने में जी जान से जुटी हुई थी। अंततः आज करीब 9बजे गजलीटांड से महिला को बरामद किया गया। महिला के बरामदगी के बाद कतरास पुलिस ने राहत की सांस ली। उल्लेखनीय है कि तिवारीडीह 4 नंबर में महिला ने अपने पति की हत्या कर अपने घर में दफन कर रखा था और पुलिस को गुमराह कर रही थी।कड़ाई से पुलिसिया पूछताछ के बाद उक्त महिला ने हत्या का जुर्म कबूला था। जिसके बाद पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन बुधवार की अहले सुबह महिला पुलिस को चकमा देकर थाने से फरार हो गई थी।महिला से पूछताछ जारी है।आगे की कार्रवाई में जुटी है पुलिस।

क्या है मामला
कतरास थाना अंतर्गत तिवारीडीह चार नंबर स्थित बीसीसीएल के क्वार्टर में 35 वर्षीय राजकुमार भुइयां की पत्नी मालती देवी ने ही उसकी हत्या कर शव को जमीन में गाड़ दिया। खबर फैलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। सूचना पाकर कतरास थानेदार रासबिहारी लाल ने मंगलवार को मजिस्ट्रेट के रूप में मौजूद सीओ कमल किशोर सिंह की देखरेख में शव को जमीन से निकलवाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को धनबाद भेज दिया था।

बताया गया कि सोमवार की रात राजकुमार भुइयां को पहले धारदार हथियार से मारा गया। जिससे उसके सिर के पीछे गले पर चाकू से कटे का निशान है, जबकि आंख के उपर माथे एवं कान के नीचे चोट लगा हुआ है। इसके बाद उसके शव को जिस क्वार्टर में रहते थे उसके एक कमरे में जमीन में दो से तीन फीट का गड्ढा खोदकर हाथ पैर मोड़कर गाड़ दिया गया। शव को दफनाने के बाद ऊपर से सीमेंट एवं बालू से प्लास्टर कर दिया गया। ताकि किसी को इसकी भनक नहीं लग सके।

कहानी गढ़ रही थी पत्नी, सख्ती बढ़ी तो उगला सच:
मंगलवार की सुबह मृतक की पत्नी मालती देवी रोने-चिल्लाने लगीं और आसपास के लोगों समेत मुखिया प्रतिनिधि अर्जुन भुइयां को घटना की जानकारी देते हुए बतायी कि बीती रात राजकुमार बहुत अधिक शराब पीकर आया था। शराब के नशे में सभी से मारपीट करने लगा। मारपीट के डर से वह घर से बाहर चली गई। सुबह लगभग तीन बजे वह अपने क्वार्टर में आयी तो राजकुमार नहीं मिला। उसकी नतनी ने उन्हें बताया कि चार पुरुष और एक महिला ने मिलकर राजकुमार को घर के अंदर जमीन में दफना दिया है। जिसकी सूचना कतरास थाने को दी गयी तो उक्त शव को सीओ की मौजूदगी में निकलवाया गया। मृतक की पत्नी समेत उसके बेटे व अन्य परिजन को हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी। जिसके बाद मृतक की पत्नी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस मौके से दो मोबाइल बरामद किए हैं। इन मोबाइल नंबरों की जांच से कई खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

भाई की मौत के बाद मृतक ने भाभी से रचाई थी शादी:
बताया जाता है कि बड़े भाई की मौत के बाद अपनी विधावा भाभी से मृतक राजकुमार से शादी रचाई थी। उसके भाई से तीन पुत्र एवं एक पुत्री है। सभी की शादी हो चुकी है, एक पुत्र एवं एक पुत्री सिनीडीह टुंडू में रहते हैं। जबकि एक लड़का सोनारडीह में और एक हैदराबाद में रहता है।

हत्या के समय पति-पत्नी के अलावा नतीन थी मौजूद:
घटना के समय पति पत्नी समेत एक छोटी बच्ची जो नतनी है घर में मौजूद थी। लेकिन इतनी बड़ी घटना एक महिला के द्वारा करना इतना आसान नहीं लग रहा है। कहीं न कहीं अन्य लोगों की इस हत्या में शामिल होने की संभावना है। जिसकी गुत्थी सुलझाने में पुलिस जुटी हुई है।