जमशेदपुर:गांव से हथियार लेकर आ रहा था,गुप्त सूचना पर पुलिस ने बस में ही दबोचा,पिस्टल और चार कारतूस बरामद

जमशेदपुर।झारखण्ड के पूर्वी सिंहभूम जिले के सोनारी थाना की पुलिस ने मरीन ड्राइव नए दोमुहानी पुल के पास पिस्टल और चार कारतूस के साथ पूरन चौधरी नामक युवक को गिरफ्तार किया है।बताया जा रहा है कि आरोपी युवक टेल्को मनीफिट का निवासी है। कई आपराधिक मामलों में वह पहले जेल जा चुका है।गोलमुरी थाना की पुलिस को उसकी तलाश थी।

बताया जा रहा है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी छपरा टाटा यात्री बस से छपरा से वापस जमशेदपुर लौट रहा है। सोनारी थाना की पुलिस ने दोमुहानी पुल के पास चेकिंग लगाया। सटीक सूचना पर एक बस में पुलिस ने छापामारी की। पूरन को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक पिस्टल और चार गोली बरामद की गई। कुछ दिन पहले ही वह जेल से छूटने के बाद छपरा स्थित अपने गांव चला गया था।वहां से युवक आज बुधवार को हथियार के साथ बस से जमशेदपुर लौट रहा था।इसी बीच पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।