बिहार में पहले चरण की 4 सीटों पर वोटिंग:बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतार….लोगों में उत्साह…

लोकसभा चुनाव 2024,मतदान जरूर करें…

बिहार में लोकसभा चुनाव के पहले चरण की चार सीटों के लिए वोटिंग हो रही है। 6,097 पोलिंग बूथ पर वोट डाले जा रहे हैं। बूथों पर वोटर्स की लंबी कतार है। लोग गर्मी के कारण सुबह ही मतदान करना चाह रहे हैं।

औरंगाबाद, नवादा, गया और जमुई में कुल 38 प्रत्याशी मैदान में हैं। एनडीए की तरफ से बीजेपी औरंगाबाद और नवादा सीट पर लड़ रही है, जबकि गया से हम के उम्मीदवार पूर्व सीएम जीतन राम मांझी मैदान में हैं। जमुई सीट पर चिराग पासवान के बहनोई अरूण भारती किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं, चारों सीट पर इंडिया ब्लॉक की तरफ से आरजेडी के कैंडिडेट हैं।

सबसे ज्यादा गया में 14 और सबसे कम नवादा में 6 कैंडिडेट्स हैं। चार लोकसभा सीटों के 24 विधानसभा क्षेत्र में मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में मतदान शाम चार बजे तक कराए जाएंगे। पहले चरण में 15 विधानसभा सीट नक्सल इफेक्टेड हैं। यहां सुरक्षा बलों की 153 कंपनियां तैनात की गई हैं। इन केंद्रों पर शाम 4 बजे तक वोटिंग होगी। जबकि 9 विधानसभा में शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे।

संवेदनशील बुथों पर सुबह 7 बज से शाम 4 बज तक मतदान है। चारों सीटों पर 38 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं मुख्य मुकाबला इंडिया गठबंधन व एनडीए के प्रत्याशियों के बीच होगा। पहले चरण में कुल 7903 बूथ बनाए गए हैं, जिनमें 5021 बूथों को अति संवेदनशील घोषित किया गया है। 4 सीटों पर कुल 76,01,629 मतदाता हैं। इस चरण में 63.5 फीसदी यानी 5021 बूथ अति संवेदनशील घोषित किये गए हैं। औरंगाबाद में 1701, गया में 995, नवादा में 666 और जमुई में 1659 बूथों को अति संवेदनशील घोषित किया गया है। गया से एनडीए उम्मीदवार जीतराम मांझी है, तो वहीं आरजेडी के कुमार सर्वजीत हैं। जमुई से चिराग पासवान के जीजा अरुण भारती के खिलाफ आरजेडी की अर्चना रविदास के बीच मुकाबला है। नवादा में आरजेडी के श्रवण कुशवाहा और एनडीए के विवेक ठाकुर की टक्कर है। वहीं औरंगाबाद में आरजेडी के अभय कुशवाहा और एनडीए के सुशील सिंह के बीच मुकाबला है।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव आज से शुरू हो रहा है। लोकसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान में 21 राज्यों और संघ शासित प्रदेशों की 102 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। इन सभी सीटों के मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करें और वोटिंग का नया रिकॉर्ड बनाएं। पहली बार वोट देने जा रहे अपने युवा साथियों से मेरी यह विशेष अपील है कि वे भारी संख्या में मतदान करें।”