यूपी के औरेया में टकराई दो ट्रक, झारखण्ड-बिहार के 24 प्रवासी मजदूरों की मौत, कई घायल

उत्तरप्रदेश। लॉकडाउन के बीच वापस घर लौट रहे प्रवासी मजदूर शनिवार सुबह उत्तरप्रदेश के औरैया में दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गए। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में एक ट्रक दूसरे ट्रक से टकरा गया। इस दुर्घटना में 24 मजदूरों की मौत हो गई है। मृतक इसी ट्रक में सवार थे। इस घटना के बाद घायलों को नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया गया है। ये सभी राजस्थान से चलकर बिहार-झारखंड जा रहे थे।

मामले की जानकारी मिलने के बाद प्रशासनिक अमले के भी होश फाख्ता हो गए हैं। आनन-फानन पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है। ओरैया की सीएमओ अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि इस हादसे में 24 लोगों की मौत हुई है। 22 घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और 15 गंभीर रूप से घायलों को सेफैई पीजीआई रेफर किया गया है। ये लोग राजस्थान से बिहार और झारखंड जा रहे थे।

कई घायलों की हालत गंभीर

इस घटना के बाद सामने आई एक तस्वीर में मजदूरों के सामान के ढेर को भी देखा जा सकता है। एनबीटी ऑनलाइन ने इस घटना के बारे में एसपी औरैया से बात की। उनकी ओर से बताया गया कि यह घटना तकरीबन सुबह 3 बजे से 4 बजे के बीच घटित हुई है। अभी रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। कुछ घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि जिन लोगों की हालत गंभीर है उन्हें सैफई के लिए रिफर किया गया है।’ इस घटना के बाद डीएम औरैया अभिषेक सिंह ने कहा है कि इनमें से ज्यादातर लोग बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के थे।

सीएम योगी ने घटना का लिया संज्ञान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने औरैया में घटित हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना को संज्ञान में लिया है। उन्होंने इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले मजदूरों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। इस बात की जानकारी अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने दी। मुख्यमंत्री योगी ने पीड़ितों को हर संभव राहत प्रदान करने के साथ-साथ सभी घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मंडलायुक्त कानपुर और आईजी कानपुर को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य अपनी देखरेख में संपन्न कराने, दुर्घटना के कारणों की जांचकर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।