लोहरदगा:मूसलाधार बारिश में दीवार गिरा,दबने से दो सगे भाई की मौत,माता-पिता घायल

लोहरदगा।झारखण्ड में तीन दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण लोहरदगा के सदर थाना क्षेत्र के पेशरार पंचायत के कुलगड़ा गांव निवासी रामसहाय उरांव की मिट्टी की खपरैल घर की दीवार गिर गई। मलबे में दबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। जबकि उनके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हैं। घटना शुक्रवार की देर रात की है।मृतकाें में रामसहाय उरांव के पुत्र शंकर उरांव (10) व मोनुवा उरांव (6) शामिल है। जबकि रामसहाय उरांव (41) और चिंता देवी (38) घायल है। उनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। चिंता देवी की स्थिति नाजुक बनी हुई है। शुक्रवार की रात रामसहाय उरांव का पूरा परिवार एक साथ सोया हुआ था। इसी दौरान अचानक मिट्टी की दीवार गिर गई। इससे सभी लोग उसके नीचे दब गए।स्थानीय लोगों की मदद से सभी को बाहर निकालने का प्रयास किया गया। इसी दौरान दोनों बच्चों की मौत मौके पर ही हो गई। जबकि रामसहाय उरांव व उनकी पत्नी चिंता देवी को गंभीर चोट लगी है। अपने माता पिता के साथ सोए एक बेटा सोनुवा उरांव (6) व एक बेटी पूर्णिमा कुमारी (8) को भी हल्की चोट लगी है। इधर, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर सभी लोगों को सदर अस्पताल लाकर इलाज करवा रही है।