बेटी की शादी की तैयारी में निकले थे पिता, कार से उतरते ही तेज रफ्तार ऑटो ने मारी टक्कर; बेंगलुरु में मौत, CCTV में कैद हुआ हादसा
राँची।राँची के नगड़ी थाना अंतर्गत दलादली टीओपी क्षेत्र स्थित कटहल माेड़ के पास बेटी की शादी के लिए 23 सितंबर काे बैंक्वेट हाॅल में तैयारी की रूपरेखा फाईनल करने पहुंचे डीएवी स्कूल के रिटायर्ड प्राचार्य काे ऑटो चालक ने सड़क पार करते समय धक्का मार दिया। धक्का लगने के बाद रिटायर्ड प्राचार्य बीच सड़क पर गिर पड़े।जिसके बाद गंभीर हालत में तुरंत इलाज के लिए उन्हें नजदीकि अस्पताल ले जाया गया। हालांकि उनकी स्थित में सुधार नहीं हुआ। गंभीर स्थिति काे देखते हुए पीड़ित परिजन कुछ घंटे बाद ही घायल प्राचार्य काे एयर एंबुलेंस से लेकर बैंगलाेर पहुंचे। हालांकि वहां 25 सितंबर की शाम उनकी माैत हाे गई। मृतक का नाम महेंद्र प्रसाद सिंह है और वह परिजनाें के साथ अरगाेड़ा स्थित एक किराए के घर में रहते थे।
हादसे की तस्वीर सीसीटीवी में कैद
रिटायर्ड प्राचार्य मूल रूप से पलामू के जपला स्थित बुधुआ गांव के रहने वाले थे और वर्तमान में बाेकाराे स्थित सीएम स्कूल ऑफ एक्सिलेंस में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। सड़क दुर्घटना में रिटायर्ड प्राचार्य की माैत के बाद घर में काेहराम मच गया। जिस घर में बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं। परिवार के लोग शादी की तारीख फिक्स हाेने के बाद मेहमानों के रहने की व्यवस्था के अलावा पूरे आयोजन को लेकर व्यस्त थे। उसी परिवार में अचानक सबकुछ बदल गया। बेटी की शादी को लेकर लाेगाें के मन में जाे सपने थे, पलभर में चूर हाे गया। शादी की तारीख बदल गई।
19 जुलाई काे हुआ था इन्गेजमेंट, 2 दिसंबर काे हाेने वाली थी शादी
पीड़ित भाई सुरेंद्र सिंह ने बताया कि रिटायर्ड प्राचार्य महेंद्र सिंह की दाे बेटी व एक बेटा है। बड़ी बेटी की शादी पहले ही हाे चुकी है। दूसरी बेटी की शादी फिक्स हाेने के बाद 19 जुलाई काे इन्गेजमेंट भी हाे चुका था। पेशे से इंजीनियर बेटी की शादी के लिए 2 दिसंबर की तिथि निर्धारित की गई थी। इसके लिए कटहल माेड़ के पास एक बैंक्वेट हाॅल भी बुक हाे चुका था। हालांकि बेटी की शादी में काेई चूक ना हाे, इसके लिए पिता पहले से ही पूरी रूपरेखा तैयार करने में जुटे थे। बैंक्वेट हाॅल में तैयारी का जायजा लेने के लिए सड़क किनारे कार खड़ी कर दूसरी तरफ जाने के दाैरान ऑटो चालक ने धक्का मारा जिसके बाद उनकी माैत हाे गई। हादसे के बाद शादी की तैयारी काे राेक दिया गया है। अब एक वर्ष बाद दूसरी तिथि फाईनल हाेने के बाद ही शादी संपन्न हाेगा।
इलाज के दाैरान रिटायर्ड प्राचार्य की माैत के बाद 28 सितंबर काे शव बैंगलाेर से राँची पहुंचा। रिम्स में शव का पाेस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ऑटो चालक का पहचान की और प्राथमिकी दर्ज करते हुए गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की। पुलिस जांच में इस बात की जानकारी मिली कि ऑटो चालक रातू थाना क्षेत्र स्थित सीमलिया का रहने वाला है। इसके बाद पुलिस ने चालक के घर पर छापेमारी कर ऑटो जप्त कर थाना लाई। हालांकि चालक फरार हाे गया जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
CCTV में कैद दर्दनाक हादसा
वहीं, दर्दनाक हादसा घटनास्थल पर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया। फुटेज में दिख रहा है कि मृतक कार से उतरकर सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ऑटो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर सिर के बल गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
भतीजे को सांप काटने की सूचना के बाद घर लौट रहा था चालक
पुलिस के अनुसार, आरोपी चालक के परिजनों ने पूछताछ में बताया कि उसके भतीजे को सांप ने काट लिया था। इसकी सूचना मिलने के बाद वह जल्द से जल्द घर पहुंचकर उसका इलाज कराने के लिए तेजी से लौट रहा था। इसी दौरान कटहल मोड़ के पास हादसा हुआ और ऑटो की चपेट में आने से महेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।

