दो बार रेकी, फिर चलती बाइक से झपटा चेन; CCTV में कैद हुए सोनारी के चेन स्नैचर
जमशेदपुर। बच्चे को स्कूल छोड़कर घर लौट रही महिला शायद इस बात से अनजान थी कि रास्ते में बाइक सवार दो बदमाश उसकी गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। बदमाशों ने पहले महिला की रेकी की और मौका मिलते ही चलती बाइक से उसके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन छीन ली। अचानक हुई छिनतई से महिला सड़क पर गिरते-गिरते बची और उसे हल्की चोट भी लगी। वारदात के बाद दोनों बदमाश बाइक की रफ्तार बढ़ाकर मौके से फरार हो गए।घटना सोनारी थाना क्षेत्र के कुंज नगर की है। बुधवार सुबह हुई इस वारदात के बाद इलाके में एक बार फिर चेन छिनतई की घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ गई है।
स्कूल से लौट रही थी महिला, बदमाश पीछे लग गए
जानकारी के अनुसार, महिला अपने बच्चे को कारमेल जूनियर स्कूल छोड़ने गई थी। बच्चे को स्कूल छोड़ने के बाद वह पैदल अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों की नजर उस पर पड़ी। दोनों बदमाशों ने महिला की एक नहीं, बल्कि दो बार रेकी की।इसके बाद जैसे ही उन्हें मौका मिला, लाल-काली रंग की पैशन प्रो बाइक पर सवार बदमाशों ने चलती बाइक से महिला के गले पर झपट्टा मारा और सोने की चेन खींच ली। अचानक हुई घटना से महिला को हल्की चोट भी लगी।
हेलमेट पहने थे दोनों बदमाश
वारदात के दौरान दोनों बदमाशों ने हेलमेट पहन रखा था। चेन छीनने के बाद दोनों तेज गति से बाइक चलाते हुए फरार हो गए। महिला ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी देने की कोशिश की, लेकिन तब तक बदमाश काफी दूर निकल चुके थे।
CCTV ने खोली बदमाशों की पहचान की राह
घटना की सूचना मिलते ही सोनारी पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले तो दोनों संदिग्ध बदमाश कैमरे में कैद मिले। फुटेज में उनकी बाइक और वारदात से पहले तथा बाद की गतिविधियों को खंगाला जा रहा है।पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर दोनों बदमाशों की पहचान करने के साथ-साथ यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात के बाद वे किस रास्ते से भागे। पुलिस आसपास के अन्य कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि बदमाशों के भागने का पूरा रूट सामने आ सके।
स्कूल जाने-आने के समय सुरक्षा पर सवाल
सुबह के समय बच्चे को स्कूल छोड़कर लौट रही महिला को निशाना बनाए जाने से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। खासकर स्कूल आने-जाने के समय सड़क पर महिलाओं और बच्चों की आवाजाही को देखते हुए लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की जरूरत बताई है।फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।

