हत्याकांड का खुलासा:पत्नी से था अवैध संबंध,बाधा बनने पर पति की हुई थी हत्या,युवक को पत्नी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ने के बाद हुआ था विवाद

गोड्डा।झारखण्ड के गोड्डा जिले में 21 मार्च को सुंदरपहाड़ी थाना के पहाड़पुर जंगली नाला से अज्ञात शव बरामदगी मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। शव की पहचान सुंदरपहाड़ी के केरोजारी गांव सुनील पहाड़िया के रूप में की गई है। बताया गया कि उसकी हत्या जंगल में लकड़ी के टुकड़े से सिर व गर्दन पर वार कर की गई थी।

हत्या में पत्नी की थी साजिश,पत्नी का था अवैध सम्बंध

एसडीपीओ आनंद मोहन सिंह पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि सुनील पहाड़िया की हत्या का कारण मृतक की पत्नी से अशोक पहाड़िया का अवैध संबंध होना रहा है। अशोक के इशारे पर राजेश व सामियल ने मिलकर सुनील पहाड़िया की हत्या कर शव को जंगली नाला में फेंक दिया गया था।हत्या के दो दिन बाद पुलिस ने शव को बरामद किया था।21 मार्च को अज्ञात शव को पुलिस ने बरामद किया था। हत्या की प्राथमिकी दर्ज की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए उनके नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था।

बताया कि हत्याकांड में मुख्य आरोपी छोटी केरोजारी गांव निवासी अशोक पहाड़िया, राजेश पहाड़िया व सामियल पहाड़िया को गिरफ्तार किया गया है। एसडीपीओ ने कहा कि सभी आरोपी ने कांड में अपनी संलित्पता स्वीकार कर ली है। हत्याकांड में मृतक की पत्नी से मिली जानकारी के आधार पर सामियल पहाड़िया, राजेश पहाड़िया व अशोक पहाड़िया को शक के आधार पर पुछताछ के लिए लाया गया। जहां पुलिस केा जानकारी मिली की मृतक सुनील पहाड़िया की पत्नी का अशोक पहाड़िया से कई वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था।

मृतक की पत्नी और आरोपी प्रेमी को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा था

बताया गया कि मृतक की पत्नी को अशोक पहाड़िया के साथ ग्रामीणों ने आपत्तिजनक स्थिति में महुआ चुनने के दौरान देख लिया था।इस बात की जब जानकारी सुनील पहाड़िया को मिली तो गांव में पंचायती हुई। पंचों ने अशोक पहाड़िया को गलत ठहराते हुए 20 हजार रुपये जुर्माना लगाया। इसी बात पर अशोक व मृतक सुनील के बीच विवाद बढ़ गया। दोनों के बीच जमकर मारपीट भी हुई थी।

एसडीपीओ ने कहा कि इस घटना के बाद अशोक पहाड़िया ने सुनील पहाड़िया को रास्ते से हटाने की योजना बना ली। अशोक ने राजेश पहाड़िया व सामियल पहाड़िया को सुनील की सुपारी दी। अशोक पहाड़िया के योजना पर अमल करते हुए सामियल व राजेश ने घटना के दिन सुनील पहाड़िया के साथ जमकर शराब पी। इसके बाद सुनील को जंगल ले जाकर लकड़ी के टुकड़े से गर्दन व सिर पर कई वार नशे की हालात में किया। हमले में सुनील की मौत हो गई। मौत हो जाने के बाद दोनों आरोपी ने मृतक की मोबाइल अपने साथ ले लिया व हेलमेट जंगल में फेंक दिया। इसके बाद राजेश व सामियल ने इसकी सूचना अशोक पहाड़िया को दी। काम होने के बाद तय रुपये देने के लिए अशोक पहाड़िया भी बाहर से आ गया। इसकी भनक पुलिस को लग गई। पुलिस की सूझाबूझ से तीनों आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। राजेश पहाड़िया की निशानदेही पर मृतक मोबाइल व हेल्मेट पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस टीम में एसडीपीओ आनंद मोहन सिंह, पुलिस निरीक्षक सदर उपेन्द्र महतो, थाना प्रभारी प्रवीण मोदी, दानियल सांगा, इन्द्रेश शुक्ला, बहुरन उरांव व जिला पुलिस शामिल थे।