देवघर:जेवर व बर्तन व्यवसायी के घर डकैती,लाखों के जेवर,नगद अन्य समान लूटपाट कर फरार हुए डकैत..

देवघर।झारखण्ड के देवघर जिले में जेवर और बर्तन व्यवसायी धर्मेंद्र गुप्ता के घर में डकैती हुई है।बताया जाता है कि 6 की संख्या में आए डकैतों ने बीती रात इस घटना को अंजाम दिया।घटना चितरा थाना क्षेत्र के हटिया मोड़ की है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।डकैती की इस घटना से इलाके में डर का माहौल है।

बताया गया कि चितरा थाना क्षेत्र हटिया के समीप बीती रात जेवर और बर्तन कारोबारी धर्मेंद्र गुप्ता के घर पर रात में डकैतों ने धावा बोला। 6 की संख्या में आए डकैतों द्वारा घटना को अंजाम दिया गया है।सभी डकैत हथियार से लैस थे और नकाब पहने हुए थे। जेवर और बर्तन कारोबारी धर्मेंद्र गुप्ता का बहुत पुराना कच्चा का घर है और डकैतों ने इसी का फायदा उठाया है।डकैत घर की छत से खपरैल को हटाकर घर में प्रवेश कर गए।बताया जाता है कि सबसे पहले डकैतों ने जेवर कारोबारी और उनकी पत्नी को बंदूक के बल पर बंधक बना लिया और तिजोरी,अलमीरा सहित बक्सा पर हाथ साफ कर दिया। डकैतों ने एक घंटा तक घर में लूटपाट की।

जेवर कारोबारी के अनुसार लाखों की डकैती हुई है।जिसमें नगद सहित सोना,चांदी और इससे निर्मित जेवर शामिल हैं। डकैतों ने इनका मोबाइल भी अपने कब्जे में ले लिया था।आश्चर्य की बात है कि धर्मेंद्र की दुकान को डकैतों ने छुआ तक नहीं।लेकिन जहां सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा हुआ था,वही डकैतों ने अपना हाथ साफ किया। घटना की सूचना मिलते ही चितरा थाना की पुलिस ने रात में ही कारोबारी के घर पहुंच कर मामले की छानबीन शुरू कर दी। लेकिन अभी तक पुलिस को कोई कामयाबी हाथ नहीं लगी है। जिस तरह से डकैतों ने घटना को अंजाम दिया है, इससे लगता है कि डकैतों को धर्मेंद्र के घर के बारे में पहले से जानकारी थी।डकैती की घटना से आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल बना हुआ है।