#Ranchi:दिल्ली से आई केंद्रीय टीम ने कोरोना संक्रमण के रोकथाम और इलाज की व्यवस्था से संबंधित जानकारी ली..

दिल्ली से आई केंद्रीय टीम ने ली जानकारी

कोरोना संक्रमण के रोकथाम और इलाज की व्यवस्था से संबंधित जानकारी ली

कोरोना संक्रमण के दौरान जिला प्रशासन द्वारा जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर की टीम ने की सराहना

राँची जिले में कोविड-19 संक्रमण के रोकथाम एवं संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए जिला प्रशासन द्वारा कैसी व्यवस्था की गई है, आज इसकी जानकारी दिल्ली से आई केंद्रीय टीम को दी गई। पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से टीम को जिले के विभिन्न प्रखंडों और कोविड-19 अस्पतालों में की गई व्यवस्था की जानकारी दी गई। इस दौरान उपायुक्त रांची श्री छवि रंजन, उप विकास आयुक्त श्री अनन्य मित्तल, अनुमंडल पदाधिकारी रांची सदर सुश्री समीरा एस, अनुमंडल पदाधिकारी बुंडू श्री उत्कर्ष गुप्ता एवं संबंधित पदाधिकारी, डॉक्टर उपस्थित थे।

केंद्रीय टीम को बताया गया कि जिले में कोरोना संक्रमण के रोकथाम के लिए विभिन्न कोषांगों का गठन किया गया है, सभी कोषांगों के कार्य एवं दायित्वों के बारे में उप विकास आयुक्त द्वारा विस्तार से जानकारी दी गई। केंद्रीय टीम के सदस्यों ने बारी बारी से सभी कोषांगों से दिशा निर्देशों के अनुसार कार्य निर्वाहन के बारे में पूछा। टीम के द्वारा डेड बॉडी मैनेजमेंट सेल की नोडल प्रभारी अनुमंडल पदाधिकारी सदर रांची सुश्री समीरा एस से डेड बॉडी के अंतिम संस्कार के बारे में जानकारी ली। साथ ही कोरोना संक्रमण से बचाव के प्रति लोगों के बीच किस तरह से जागरूकता फैलाई जा रही है, इसकी जानकारी भी केंद्रीय टीम को दी गई।

केंद्रीय टीम को बताया गया कि रांची जिले में कोविड-19 के नियंत्रण के लिए मास टेस्ट ड्राइव चलाए जा रहे हैं। पिछले दिनों किये गए मास टेस्ट ड्राइव में कितने लोगों की जांच की गई इसके बारे में भी पावर पॉइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से जानकारी दी गई। साथ ही बताया गया कि रांची के 8 स्थानों में स्टैटिक सैंपल कलेक्शन सेंटर लगाए गए हैं जहां पर लोगों का निशुल्क कोविड-19 जांच किया जा रहा है।

केंद्रीय टीम ने कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए बनाए गए विभिन्न अस्पताल में मरीज़ों को दिए जाने वाले मेडिकल किट को भी देखा।

केंद्रीय टीम ने की सराहना

कोरोना संक्रमण के दौरान लोगों की सहूलियत के लिए जिला प्रशासन द्वारा शुरू किए गए विभिन्न हेल्पलाइन नंबर की जानकारी भी टीम को दी गई। केंद्रीय टीम ने जिला प्रशासन की पहल की सराहना की। खास तौर पर टीम ने डॉक ऐप्प की प्रशंसा करते हुए कहा कि इसका लाभ हर व्यक्ति पा सकता है। इसके अलावा टीम को बुजुर्गों के लिए शुरू किए गए हेल्पलाइन नंबर के बारे में भी जानकारी दी गई।