पत्नी के इलाज का बहाना बनाकर निकला शिक्षक कामाख्या में गिरफ्तार: 7.37 लाख के जाली नोट बरामद, झारखण्ड में खपाने का था प्लान

पाकुड़।पत्नी की बीमारी का बहाना बनाकर स्कूल से छुट्टी लेना और फिर नकली नोटों की बड़ी खेप के साथ पकड़ा जाना। पाकुड़ से जुड़ा एक ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है। असम पुलिस ने गुवाहाटी के कामाख्या रेलवे जंक्शन पर चलाए गए एक विशेष अभियान में 7.37 लाख रुपये के जाली नोटों के साथ दो आरोपियों को दबोचा है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नव प्राथमिक विद्यालय केतकापाड़ा के सहायक अध्यापक गुलाब शेख के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके साथी दयाल दास को भी गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पाकुड़ के निवासी हैं।
ब्लॉक शिक्षा प्रसार अधिकारी सुमिता मरांडी के अनुसार, गुलाब शेख ने अपनी पत्नी के इलाज के लिए बाहर जाने का आवेदन देकर एक महीने की छुट्टी ली थी। छुट्टी मिलते ही उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया था। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, दोनों आरोपी इन जाली नोटों को असम से लाकर झारखण्ड के बाजारों में खपाने की तैयारी में थे।
ब्लॉक शिक्षा प्रसार अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि पूरे मामले की विभागीय जानकारी जुटाई जा रही है। यदि आरोप सिद्ध होते हैं तो शिक्षक पर विभागीय नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाऐगी।अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव ने पुष्टि की है कि असम पुलिस ने इस गिरफ्तारी की जानकारी पाकुड़ पुलिस को दे दी है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह शिक्षक किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय जाली नोट नेटवर्क का मुख्य हिस्सा है या महज एक मोहरा। पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही पूरे सिंडिकेट का खुलासा हो पाएगा।

